ग्रेटर नोएडा वेस्ट: गौर सिटी-2 के 21वें फ्लोर पर बंद फ्लैट में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका,जानिए क्यों लगती है आग

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के थाना बिसरख क्षेत्र स्थित गौर सिटी-2 की 16वें एवेन्यू कासा वुड स्टॉक सोसायटी में रविवार को 21वें फ्लोर पर स्थित एक बंद फ्लैट की रसोई में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फ्लैट में रहने वाला परिवार बाहर गया हुआ था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फ्लैट बंद होने के कारण दमकलकर्मियों ने सोसायटी की मेंटेनेंस टीम की सहायता से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर विभाग के अनुसार आग सबसे पहले फ्लैट की रसोई में लगी। देखते ही देखते तेज लपटें ऊपर स्थित फ्लैट की बालकनी तक पहुंच गईं, जिससे एक अन्य फ्लैट भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। घटना के दौरान टॉवर के ऊपरी हिस्से में काला धुआं भर जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल विभाग ने एक फायर टेंडर की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि आग से फ्लैट की रसोई सहित घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस और फायर विभाग ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं आग लगने की घटनाएं

गौर सिटी समेत ग्रेटर नोएडा और नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में इससे पहले भी कई बार फ्लैटों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों में फायर विभाग आग पर काबू तो पा लेता है, लेकिन इसके बाद भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, फायर ऑडिट और बिल्डरों द्वारा सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित फायर ऑडिट, विद्युत प्रणाली की समय-समय पर जांच और अग्निशमन उपकरणों के रखरखाव से ऐसी घटनाओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा में गुरु रविदास जयंती वर्ष पर निकली भव्य माटी कलश यात्रा, विधायक पंकज सिंह ने किया स्वागत

यहां से शेयर करें