ग्रेटर नोएडा वेस्ट। यहां की ईको विलेज-2 सोसाइटी में एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक लिफ्ट के भीतर गार्ड के साथ हाथापाई करता नजर आ रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
घटना 15 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी में कार पार्किंग को लेकर एक युवक और सिक्योरिटी गार्ड के बीच पहले कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद दोनों संयोगवश लिफ्ट में आमने-सामने आ गए, जहां दोबारा बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ने पर युवक ने गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित गार्ड की पहचान अभय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक की पहचान नवीन के रूप में हुई है, जो उसी सोसाइटी का निवासी बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव करते हुए और मामला शांत कराने की कोशिश करते भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद बिसरख थाना पुलिस हरकत में आई और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नवीन के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: सोभिता धूलिपाला ने तेलुगु समुदाय पर उठाए सवाल, इन्फ्लुएंसर की पोस्ट को दिया समर्थन

