12वीं मंजिल से गिरे 12 वर्षीय रणविजय की मौत में पिता ने जताई हत्या की आशंका, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित डिजाइन आर्क सोसायटी में 12वीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय छात्र रणविजय ढाका की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें रणविजय नीचे गिरता दिख रहा है।

पिता ने पुलिस अधिकारियों को दिया प्रार्थना-पत्र

मंगलवार को पीड़ित पिता ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर मामले की गंभीरता से जांच कराने की गुहार लगाई। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रिपोर्ट में शरीर के कई अंगों पर लगी चोटों का जिक्र नहीं है।

क्या है पूरा मामला

आर्किटेक्ट तरुन कुमार ढाका परिवार के साथ डिजाइन आर्क सोसायटी के सी-टावर के फ्लैट नंबर 306 में रहते हैं। शनिवार सुबह उनके बेटे रणविजय ढाका की बगल के ई-टावर की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें रणविजय लिफ्ट से निकलकर मोबाइल चलाते हुए लॉबी में चलता दिख रहा है।

पानी की दो बोतलों पर उठे सवाल

पिता के अनुसार, बेटा सुबह करीब 7:40 बजे पार्क में खेलने की बात कहकर साइकिल से घर से निकला था। इसके करीब एक घंटे बाद, लगभग नौ बजे, वह हादसे का शिकार हो गया। उन्होंने बताया कि आसपास लगे कुछ अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में बेटे के हाथ में पानी की दो बोतलें दिख रही हैं, जबकि वह घर से खाली हाथ निकला था। पिता का यह भी कहना है कि जिस पार्क में वह खेलने गया था, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। साइकिल ई-टावर के सामने ही खड़ी मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि बेटा पानी की दो बोतलें लेकर किसके लिए जा रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि कोई व्यक्ति पहले से ही ऊपर मौजूद था और उसी ने बेटे की हत्या की है।

पुलिस ने बनाई जांच टीम

सूरजपुर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के लिए टीम लगाई गई है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सोसायटी में मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

यह भी पढ़ें: जागरण में गया था परिवार, चोरों ने एक रात में दो भाइयों के घर किए साफ; 20 लाख से ज्यादा का माल गायब

यहां से शेयर करें