Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-150 की एल्डिको सोसायटी में शनिवार रात एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी और उसे बचाने के लिए टैंक में उतरे सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया।
Greater Noida News :
जानकारी के अनुसार राजस्थान के करौली निवासी 40 वर्षीय शशिकांत शर्मा एसटीपी टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण वह बेहोश होकर अंदर गिर गए। उन्हें बचाने के लिए सोसायटी का सिक्योरिटी गार्ड आकाश, निवासी इटहारी (फिरोजाबाद), बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। Greater Noida STP tank accident
घटना की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। Greater Noida STP tank accident
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
इस हादसे ने एक बार फिर सीवेज टैंक और मैनहोल की सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों और मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कार्यों में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Greater Noida News :

