ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण लगातार अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण ध्वस्त किया जा रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को हैबतपर के डूब एरिया में बने शिवम एंक्लेव में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया और लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। विगत 16 दिनों में यह ग्रेनो प्राधिकरण की तरफ से अतिक्रमण के खिलाफ छठवीं बड़ी कार्रवाई है।
कब्जा करने वालों की बढी टेंनश
प्राधिकरण के इस अभियान से अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों को टेंशन बढ़ा दी है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने भी चेताया है कि अधिसूचित एरिया में बिना अनुमति या फिर नक्शा पास कराए बिना निर्माण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने साफ कहा है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना निर्माण करना अवैध है। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि कालोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
2000 वर्गमीटर में अवैध रूप से बने मकान और बाउंड्री तोडी़
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बारे में बताया कि एनजीटी के निर्देश पर ग्राम हैबतपुर के खसरा संख्या-209, 210 और 212 की लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन पर बने शिवम एंक्लेव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल एक के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में प्रबंधक , सहायक प्रबंधक, टैक्निकल सुपरवाइजर, सुपरवाइजर की टीम ने तीन जेसीबी, तीन डंफर, प्राधिकरण का पुलिस बल के सहयोग से यह कार्रवाई की। इस जमीन पर अवैध बॉउंड्री वॉल, मकान का निर्माण किया जा रहा था। कालोनाइजरों ने सीवर लाइन भी डाल रहे थे। प्राधिकरण ने इसे ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा ग्राम चिपियाना खुर्द के खसरा नंबर -59 में लगभग 2000 वर्गमीटर में अवैध रूप से बने मकान, बाउंड्री वाल को तोड़ दिया गया है।
8 टॉवरों के 100 से अधिक फ्लैटों को किया सील
बता दें, कि प्राधिकरण की तरफ से विगत 16 दिन में 6 जगहों पर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। विगत 20 जनवरी को भनौता में 11340 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। इसी तरह 28 जनवरी को हैबतपुर में 6000 वर्ग मीटर, 04 फरवरी को भनौता में 10 हजार वर्ग मीटर और बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर में 18 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं, 29 जनवरी को खेड़ा चैगानपुर में 8 टॉवरों के 100 से अधिक फ्लैटों को सील किया गया है।
यह भी पढ़ें: ट्रैफिक पुलिस ने शालीमार बाग चौक के बाद अंबेडकर रोड पर चलाया जीरो टॉलरेंस अभियान

