From Gaur Chowk to Prithla Chowk: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक से नोएडा के पृथला (परथला) चौक की ओर जाने वाली सर्विस रोड इन दिनों घोर अंधेरे में डूबी हुई है। एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही। रात के समय यह सड़क पूरी तरह काली हो जाती है, जिससे दुर्घटना और अपराध का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासी अमित गुप्ता ने नोएडा प्राधिकरण के CEO को पत्र लिखकर इस समस्या की ओर ध्यान दिलाया है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अमित गुप्ता ने अपने पत्र में लिखा है कि सेक्टर 150 के हादसे के बाद भी प्राधिकरण के विभागों ने कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने फोटो के साथ बताया कि गौर चौक से पृथला की तरफ सर्विस रोड पर टोटल अंधेरा है। नोएडा प्राधिकरण करोड़ों रुपये लाइट के मेंटेनेंस के नाम पर खर्च करता है, फिर भी संबंधित अधिकारी और E&M विभाग के कर्मचारी शाम को सड़कों पर निकलकर हालत नहीं देखते। उन्होंने पूछा कि कब तक दुर्घटनाओं का इंतजार करेंगे? यह समस्या इसलिए और गंभीर हो जाती है क्योंकि कुछ साल पहले इसी रोड पर एक सनसनीखेज हत्याकांड हो चुका है। 6 जनवरी 2020 की रात गुरुग्राम में मल्टीनेशनल कंपनी के रीजनल मैनेजर गौरव चंदेल (गौर सिटी-1, 5th एवेन्यू के निवासी) अपने ऑफिस से घर लौट रहे थे। उन्होंने पत्नी प्रीति को फोन कर बताया कि परथला चौक पहुंच गए हैं और 5 मिनट में घर आ जाएंगे। लेकिन उसके बाद संपर्क टूट गया।
सुबह हिंडन नदी के पुल के पास सर्विस लेन पर गौरव का शव मिला। सिर में दो गोलियां मारी गई थीं। उनकी नई KIA Seltos कार, मोबाइल और लैपटॉप बैग गायब थे। परिवार ने पुलिस पर शुरुआती लापरवाही का आरोप लगाया था। बाद में नोएडा पुलिस ने मामले का खुलासा किया। आरोपी उमाश और आशु (मिर्ची गैंग से जुड़े) थे। उमाश को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि आशु फरार रहा। आशु की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दावा किया कि केस करीब 20 दिनों में सुलझा लिया गया। आज भी यही सर्विस रोड अंधेरे में डूबी है। निवासी डर रहे हैं कि कहीं फिर कोई दुर्घटना या अपराध न हो जाए। गौर चौक पर अंडरपास का काम चल रहा है, लेकिन सर्विस रोड की लाइटिंग की समस्या जस की तस बनी हुई है।
अमित गुप्ता समेत स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राधिकरण को तुरंत E&M विभाग को निर्देश देकर सभी स्ट्रीट लाइटें चालू करानी चाहिए और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने CEO से निवेदन किया है कि इस मुद्दे पर तत्काल ध्यान दें, ताकि किसी और हादसे का इंतजार न करना पड़े। नोएडा प्राधिकरण की ओर से अभी इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द कार्रवाई होगी और सड़क रोशन हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: Delhi State Cancer Institute: मुफ्त इलाज का सपना टूटा, करोड़ों की मशीनें धूल खा रहीं, मरीज निजी सेंटरों में ठगे जा रहे

