अमरनाथ यात्रियों के लिए जम्मू रेलवे स्टेशन से आधार शिविर तक मुफ्त बस और टैक्सी सेवा शुरू

Amarnath Yatra

रेलवे स्टेशन से भगवती नगर बेस कैंप तक निशुल्क मिनी बसें चलेंगी, 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी 10 फ्री टैक्सियां; यात्रा समाप्त होने तक जारी रहेगी सेवा

Amarnath Yatra : जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जम्मू से एक सराहनीय पहल की गई है। ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन और टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने संयुक्त रूप से जम्मू रेलवे स्टेशन से भगवती नगर आधार शिविर तक श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क परिवहन सेवा शुरू कर दी है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और मुफ्त परिवहन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें मनमाना किराया वसूली जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

Amarnath Yatra :

बुधवार सुबह जम्मू रेलवे स्टेशन की पार्किंग में आयोजित कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के परिवहन आयुक्त विशेष पाल महाजन ने इस सेवा का शुभारंभ किया। उनके साथ जम्मू के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) सरदार जसमीत सिंह, एसएसपी शैलेंद्र सिंह और ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। परिवहन आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर पहली निशुल्क मिनी बस को रवाना किया।

Amarnath Yatra : प्रतिदिन दो मिनी बसें पहुंचाएंगी आधार शिविर

परिवहन आयुक्त विशेष पाल महाजन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक जम्मू रेलवे स्टेशन से भगवती नगर आधार शिविर के बीच दो निशुल्क मिनी बसें संचालित की जाएंगी। यह सेवा पूरी अमरनाथ यात्रा के दौरान जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले से ही कुछ निजी वाहन चालकों द्वारा श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में यह निशुल्क सेवा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि जम्मू मंदिरों का शहर है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा ‘अतिथि देवो भव:’ की भावना से की जानी चाहिए। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों और परिवहन संस्थाओं से भी इस सेवा अभियान में आगे आने की अपील की।

Amarnath Yatra : चार दिन पहले लिया गया था फैसला

ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन और मिनी बस वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष विजय सिंह चिब ने बताया कि चार दिन पहले आयोजित बैठक में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क परिवहन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था। उसी निर्णय के तहत बुधवार से यह सेवा शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि जब तक श्री अमरनाथ यात्रा चलेगी, तब तक श्रद्धालुओं को यह सुविधा लगातार उपलब्ध कराई जाएगी। एसोसिएशन का उद्देश्य यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना और उनकी यात्रा को आसान बनाना है।

श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी 10 मुफ्त टैक्सियां

मिनी बस सेवा के अलावा जम्मू रेलवे स्टेशन टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। बुधवार दोपहर परिवहन आयुक्त विशेष पाल महाजन ने 10 निशुल्क टैक्सियों की सेवा का भी शुभारंभ किया।

टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने बताया कि ये सभी टैक्सियां 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगी। हालांकि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को रेलवे स्टेशन स्थित टैक्सी यूनियन कार्यालय से संपर्क करना होगा, जहां से उन्हें वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान आरटीओ जसमीत सिंह, एआरटीओ पवन शर्मा, एआरटीओ राजेश गुप्ता, अमित बाम्बा सहित परिवहन विभाग के कई अधिकारी और ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को श्रद्धालुओं की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

हर वर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू पहुंचते हैं। रेलवे स्टेशन से भगवती नगर आधार शिविर तक पहुंचने के लिए उन्हें अक्सर निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में मुफ्त मिनी बस और टैक्सी सेवा शुरू होने से यात्रियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ भी मिलेगा। यात्रा अवधि तक यह सेवा लगातार संचालित की जाएगी, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।

Amarnath Yatra :

 

यहां से शेयर करें