Dowry Case Noida: नोएडा। सेक्टर-82 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने अपने पति और चार ससुरालियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए फेज-2 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि शादी के करीब एक साल बाद जब वह पति को डॉक्टर के पास लेकर गई, तो जांच के दौरान उसे पता चला कि उसका पति समलैंगिक है। आरोप है कि यह बात सामने आते ही पति डॉक्टर से उलझ गया और वहां से चला गया। बाद में उसने पत्नी का गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।
शादी के बाद से ही बनाई दूरी
महिला के मुताबिक उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को प्रयागराज में हुई थी, जिसमें मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। शिकायत में कहा गया है कि शादी के तुरंत बाद से ही पति उससे दूरी बनाए रखने लगा और अलग-अलग बहानों से वैवाहिक संबंध बनाने से बचता रहा। इसी दौरान ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज में कार और फ्लैट की मांग शुरू कर दी, जिसे पूरा न करने पर महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा।
थाईलैंड हनीमून पर भी मारपीट का आरोप
महिला ने बताया कि रिश्ता बचाने के इरादे से वह पति के साथ हनीमून पर थाईलैंड गई थी, लेकिन वहां भी पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके चलते उसे यात्रा बीच में छोड़कर भारत लौटना पड़ा।
डॉक्टर के पास ले जाने पर सामने आई सच्चाई
करीब एक साल बाद महिला पति को डॉक्टर के पास ले गई, जहां जांच में उसकी यौन रुचि से जुड़ी बात सामने आई। महिला का आरोप है कि इसके बाद पति डॉक्टर से विवाद करने लगा और मौके से चला गया। उसने यह बात ननद और ननदोई को भी बताई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की।
गला दबाकर हत्या की कोशिश
महिला के मुताबिक जब उसने पति के व्यवहार का विरोध किया, तो उसके साथ हिंसा की गई और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। ससुराल के अन्य सदस्यों पर भी प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।
दिसंबर 2025 से मायके में रह रही महिला
महिला दिसंबर 2025 से अपने मायके में रह रही है। उसने पति, सास, ससुर, ननद और ननदोई के खिलाफ फेज-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

