New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझे के अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,398 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। मांझे के परिवहन में इस्तेमाल रेनॉल्ट ट्राइबर कार भी जब्त की गई है।
क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-1 टीम को 8 जून को सूचना मिली थी कि राजेश अपने साथियों के साथ रघुबीर नगर के घोड़े वाला मंदिर के पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझा लेकर बिक्री के लिए पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर निरीक्षक प्रकाश चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। रात करीब 2 बजे टीम ने घोड़े वाला मंदिर के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान ख्याला-पश्चिम विहार नाले की तरफ से रघुबीर नगर की ओर आती चांदी रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार को गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के सामने रोक लिया गया।
तलाशी के दौरान कार में रखे प्लास्टिक के थैलों और गत्ते के डिब्बों से 1,398 रील प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझा बरामद हुआ। कार सवार राजेश (33), आसद (23) और सोहेल (19) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों के प्रतिबंधित मांझे के परिवहन और बिक्री की योजना में शामिल होने की बात सामने आई।
इस संबंध में थाना क्राइम ब्रांच, पुष्प विहार में एफआईआर संख्या 200/26 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी) तथा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धाराओं 5/15 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब मांझे के स्रोत, संभावित खरीदारों तथा इसके अवैध निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री से जुड़े व्यापक नेटवर्क का पता लगा रही है।
*मानव-पक्षी सुरक्षा पर जोर*
पुलिस उपायुक्त क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा ने कहा कि प्रतिबंधित चीनी/प्लास्टिक मांझे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसका उद्देश्य जानलेवा हादसों को रोकने के साथ मानव जीवन, पक्षियों और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
New Delhi news

