ग्रेटर नोएडा। देश के निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर और माइनिंग इक्विपमेंट सेक्टर से जुड़ी प्रमुख प्रदर्शनी bauma CONEXPO INDIA 2026 की शुरुआत ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में हो गई है। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में निर्माण और खनन क्षेत्र से जुड़ी अत्याधुनिक मशीनरी, उपकरण और तकनीक को प्रदर्शित किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर सरकार, उद्योग जगत, विभिन्न देशों के राजनयिक मिशनों और इंफ्रास्ट्रक्चर संगठनों से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में स्टीफन रुमेल, सीईओ, मेस्से मुएनचेन ग्रुप; लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, एवीएसएम, वीएसएम, डायरेक्टर जनरल, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन; एंटोनियो बार्टोली, भारत में इटली के राजदूत और जॉर्ज एंजवाइलर, डिप्टी हेड ऑफ मिशन, जर्मनी के संघीय गणराज्य के दूतावास सहित कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों, कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशनों, इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों और रिसर्च संस्थानों के प्रतिनिधि भी प्रदर्शनी में पहुंचे।
14.5 लाख वर्ग फुट में 1,100 से ज्यादा प्रदर्शक
bauma CONEXPO INDIA 2026 का यह आठवां संस्करण पूरी तरह बुक हो चुका है। आयोजकों के मुताबिक इस बार प्रदर्शनी में 14.5 लाख वर्ग फुट प्रदर्शनी क्षेत्र में 1,100 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। प्रदर्शनी 18 सितंबर तक चलेगी और इस दौरान 100 से अधिक देशों से 75,000 से ज्यादा विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
मेस्से मुएनचेन इंडिया के सीईओ और आईएमईए के प्रेसिडेंट भूपिंदर सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी को मिल रही प्रतिक्रिया से पता चलता है कि बाजार में निवेश को लेकर गतिविधियां बनी हुई हैं। उनके अनुसार कंपनियां अपने विकास से जुड़ी योजनाओं के साथ प्रदर्शनी में पहुंची हैं, जबकि खरीदार अपनी परियोजनाओं की समयसीमा और वास्तविक जरूरतों के अनुसार मशीनों और उपकरणों का आकलन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य कंपनियों और खरीदारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां जानकारी लेने से लेकर निवेश से जुड़े निर्णय तक की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके और कारोबारी बातचीत को दीर्घकालिक साझेदारी में बदलने का अवसर मिले।
तकनीक, उत्पादकता और पर्यावरण पर फोकस
इंडियन कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ICEMA) के प्रेसिडेंट दीपक शेट्टी ने कहा कि भारत का कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट उद्योग तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ग्राहकों की बदलती जरूरतों के चलते बेहतर प्रदर्शन, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर मशीनों की मांग बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि ग्राहक ऐसी मशीनें चाहते हैं जो अधिक उत्पादक और कुशल हों, कठिन परिस्थितियों में भरोसेमंद तरीके से काम कर सकें और आधुनिक डिजिटल तकनीक से लैस हों। इसके साथ ही मशीनों में सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान बढ़ रहा है। भारतीय निर्माता इन जरूरतों को पूरा करने के लिए इनोवेशन, मजबूत इंजीनियरिंग और देश में ही अधिक निर्माण पर जोर दे रहे हैं।
दीपक शेट्टी के मुताबिक bauma CONEXPO INDIA भारतीय निर्माताओं के लिए नए और आधुनिक समाधानों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इन तकनीकों और मशीनों से भारत की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ निर्यात के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
मशीन खरीदने से पहले व्यावहारिक पहलुओं पर खरीदारों की नजर
बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट रविंद्र त्यागी ने कहा कि कॉन्ट्रैक्टर किसी मशीन का आकलन केवल उसकी तकनीकी विशेषताओं के आधार पर नहीं करते। उनके लिए यह देखना भी जरूरी है कि एक शिफ्ट में मशीन कितना काम कर सकती है, लगातार कितनी भरोसेमंद तरीके से काम करेगी, स्पेयर पार्ट्स कितनी जल्दी उपलब्ध होंगे और जरूरत पड़ने पर सर्विस टीम कितनी तेजी से सहायता उपलब्ध करा पाएगी।
प्रदर्शनी में कॉन्ट्रैक्टर्स को विभिन्न कंपनियों के निर्माताओं से सीधे बातचीत करने और अपनी वास्तविक परियोजना जरूरतों के अनुसार मशीनों का आकलन करने का अवसर मिल रहा है। इससे निवेश से पहले अलग-अलग उपकरणों की क्षमता, लागत और सर्विस सपोर्ट की तुलना करना संभव हो रहा है।
प्रदर्शनी में मशीनों की खरीद और फ्लीट विस्तार पर जोर
प्रदर्शनी के पहले दिन मशीन और उपकरण बनाने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों की मुलाकात कॉन्ट्रैक्टर्स, फ्लीट मालिकों, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स और संस्थागत खरीदारों से हुई। खरीदार आगामी परियोजनाओं, फ्लीट विस्तार और पुराने उपकरणों को बदलने के लिए उपलब्ध नई मशीनों का आकलन कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में बातचीत का बड़ा हिस्सा मशीन की वास्तविक उपयोगिता और संचालन लागत से जुड़े पहलुओं पर केंद्रित है। इसमें मशीन की उत्पादकता, ईंधन खपत, काम के हिसाब से उसकी उपयुक्तता, मेंटेनेंस की जरूरत, ऑपरेटर की सुरक्षा, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता और तकनीकी सहायता जैसे मुद्दे शामिल हैं।
कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली मशीनों की मांग
भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक परियोजनाओं के विस्तार के साथ ऐसी मशीनों की मांग बढ़ रही है जो कठिन कामकाजी परिस्थितियों में भी लगातार प्रदर्शन कर सकें। यही वजह है कि निर्माता प्रदर्शनी में ऐसी इंजीनियरिंग और तकनीक को सामने रख रहे हैं, जिन्हें भारतीय परियोजनाओं की वास्तविक परिस्थितियों में उपयोग किया जा सके।
खरीदार भी मशीन की केवल तकनीकी खूबियों के बजाय उसकी उत्पादकता, ईंधन दक्षता, लगातार काम करने की क्षमता, रखरखाव और बिक्री के बाद मिलने वाली तकनीकी सहायता को महत्व दे रहे हैं। एक ही स्थान पर अलग-अलग मशीनों को देखने और निर्माताओं से सीधे बातचीत करने से परियोजना टीमें अपने काम के लिए उपयुक्त विकल्पों का मूल्यांकन कर पा रही हैं।
कॉन्ट्रैक्टर्स सप्लायर के सर्विस नेटवर्क को भी परख रहे
उपकरण खरीदने का फैसला केवल मशीन के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। कॉन्ट्रैक्टर्स यह भी देख रहे हैं कि संबंधित कंपनी का सर्विस नेटवर्क कितना मजबूत है और किसी मशीन में खराबी आने पर तकनीकी सहायता कितनी जल्दी उपलब्ध हो सकती है।
स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता, रिप्लेसमेंट पार्ट्स की सप्लाई और परियोजना के दौरान तकनीकी सहायता जैसी सुविधाएं भी मशीन खरीदने के फैसले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। bauma CONEXPO INDIA 2026 में खरीदारों को निर्माताओं से सीधे बातचीत कर इन पहलुओं पर जानकारी हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
बिहार बना स्टेट पार्टनर, निवेश के अवसरों पर फोकस
बिहार सरकार bauma CONEXPO INDIA 2026 में स्टेट पार्टनर के रूप में भाग ले रही है। प्रदर्शनी में राज्य की ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर, कंस्ट्रक्शन और औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध निवेश के अवसरों को निर्माताओं और निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार चार दिनों के दौरान 15 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से खरीदारों के प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने की उम्मीद है। ये प्रतिनिधिमंडल नई परियोजनाओं, फ्लीट विस्तार, तकनीकी अपग्रेड और पुराने उपकरणों को बदलने जैसी जरूरतों के साथ प्रदर्शनी में हिस्सा ले रहे हैं।
इन प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी से मशीन निर्माताओं को देश के अलग-अलग हिस्सों में परियोजनाओं की बदलती जरूरतों को समझने का अवसर भी मिलेगा। अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों और परियोजना प्रकारों के हिसाब से उपकरणों की जरूरत अलग हो सकती है, ऐसे में यह प्रदर्शनी निर्माताओं और खरीदारों के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण मंच बन रही है।
18 सितंबर तक चलेगी प्रदर्शनी
bauma CONEXPO INDIA 2026 का आयोजन इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। चार दिवसीय यह आयोजन 18 सितंबर तक चलेगा। इसमें निर्माण, खनन, इंफ्रास्ट्रक्चर और भारी उपकरण क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां अपनी मशीनरी और तकनीकी समाधान प्रदर्शित कर रही हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस संस्करण में बड़ी संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी से मशीनरी क्षेत्र में कारोबारी बातचीत और निवेश से जुड़े अवसरों को गति मिलेगी।

