विधानसभा की प्राक्कलन समिति: उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा की प्राक्कलन समिति (वर्ष 2025-26) की प्रथम उपसमिति की बैठक विकास भवन सभागार में सभापति मुकेश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और बजटीय प्रावधानों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग, परिवहन, औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना), स्वास्थ्य, ऊर्जा, खाद्य एवं रसद, पर्यटन, मंडी समिति, महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राजस्व, नगर निकाय, शिक्षा, सिंचाई एवं पंचायत विभाग सहित कई विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सभापति मुकेश चौधरी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त रखने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। प्राधिकरणों को साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने, कूड़ा निस्तारण, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, जल निकासी तंत्र सुदृढ़ करने और अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड वितरण में तेजी लाने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। वहीं सिंचाई विभाग को नहर पटरी की सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने तथा खाद्य एवं रसद विभाग को राशन और गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान ये भी रहे मौजूद
बैठक में समिति सदस्य डॉ. मंजू शिवाच, लक्ष्मी राज सिंह, शाहिद मंजूर, दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनीष, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

