Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
पद्म पुरस्कार समारोह में PM मोदी का बढ़ा हाथ छूटा, वीडियो वायरल; अनिल कुमार रस्तोगी ने दी सफाई, “उम्र की वजह से हुई चूक” – जय हिन्द जनाब पद्म पुरस्कार समारोह में PM मोदी का बढ़ा हाथ छूटा, वीडियो वायरल; अनिल कुमार रस्तोगी ने दी सफाई, “उम्र की वजह से हुई चूक” – जय हिन्द जनाब

पद्म पुरस्कार समारोह में PM मोदी का बढ़ा हाथ छूटा, वीडियो वायरल; अनिल कुमार रस्तोगी ने दी सफाई, “उम्र की वजह से हुई चूक”

राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ अभिनेता और वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ मिलाने के लिए बढ़ाया गया इशारा नज़रअंदाज़ करते दिखाई दे रहे हैं। इस क्लिप के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर बहस छिड़ गई और कुछ यूज़र्स ने इसे जानबूझकर किया गया अपमान बताते हुए डॉ. रस्तोगी की आलोचना शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अनिल रस्तोगी को पद्मश्री सम्मान प्रदान कर रही थीं और वह सम्मान लेने के लिए मंच की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी ओर हाथ बढ़ाते हैं, लेकिन अनिल रस्तोगी बिना हैंडशेक किए आगे बढ़ जाते हैं। इसी दृश्य के आधार पर सोशल मीडिया पर कुछ यूज़र्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि उन्होंने जानबूझकर प्रधानमंत्री को नज़रअंदाज़ किया।

विवाद बढ़ने पर खुद आगे आए डॉ. रस्तोगी

मामला तूल पकड़ता देख डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी ने स्वयं एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सफाई दी। उन्होंने लिखा कि जो लोग इस घटना पर मजाक उड़ा रहे हैं, उनसे वे कहना चाहते हैं कि वे 80 साल से ज्यादा उम्र के हैं और यह उनकी उम्र की वजह से हुई एक अनजानी चूक थी, उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बहुत सम्मान है और वे मानते हैं कि देश का नेतृत्व करने के लिए मोदी आज सबसे बेहतरीन विकल्प हैं, डॉ. रस्तोगी ने यह भी अपील की कि बुजुर्गों को सम्मान देना चाहिए और छोटी-छोटी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं करना चाहिए 

कौन हैं डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी?

लखनऊ के रहने वाले डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक भी रहे हैं। उन्होंने सीएसआईआर के अंतर्गत आने वाले लखनऊ स्थित सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट (CDRI) में बायोकेमिस्ट्री विभाग के प्रमुख के रूप में लंबे समय तक काम किया है। विज्ञान के साथ-साथ कला जगत में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने 75 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें ‘इश्कज़ादे’, ‘मुल्क’, ‘रेड’ और ‘थप्पड़’ जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा वे कई वेब सीरीज़ और टीवी शोज़ में भी नज़र आए हैं, जिनमें वेब सीरीज़ ‘आश्रम’ में निभाया उनका किरदार खासा चर्चित रहा। थिएटर के क्षेत्र में उन्होंने अपने करियर में 99 नाटकों में अभिनय करते हुए लगभग 1,000 स्टेज परफॉर्मेंस दी हैं। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला, रंगमंच, सिनेमा और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. रस्तोगी को पद्मश्री से सम्मानित किया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन, गायिका अलका याज्ञनिक और मम्मूटी जैसी कई हस्तियां भी शामिल थीं। 

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद जहाँ कुछ लोगों ने इसे शिष्टाचार की अनदेखी बताकर डॉ. रस्तोगी को ट्रोल किया, वहीं बड़ी संख्या में यूज़र्स ने उनकी उम्र और उनके वैज्ञानिक व सामाजिक योगदान को देखते हुए इसे महज़ एक सामान्य भूल बताया और उनका समर्थन किया। डॉ. रस्तोगी की स्पष्ट और विनम्र सफाई के बाद विवाद का दायरा अब काफी कम हो गया है, और सोशल मीडिया पर उनके प्रति सहानुभूति और सम्मान जताने वाली पोस्ट्स की संख्या लगातार बढ़ रही है।

यहां से शेयर करें