Alpha Box Office Collection: मुंबई। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत इस फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन सोमवार से इसकी कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की गई। पहले सप्ताह के अंत तक फिल्म 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के सातवें दिन ‘अल्फा’ ने करीब 2.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का पहले सप्ताह का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 47.55 करोड़ रुपये पहुंच गया।
Alpha Box Office Collection:
फिल्म ने पहले तीन दिनों में करीब 34 करोड़ रुपये की कमाई कर मजबूत शुरुआत की थी, जिससे उम्मीद जताई जा रही थी कि यह पहले सप्ताह में आसानी से 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी। हालांकि, वीकडेज में दर्शकों की संख्या तेजी से घटी और कमाई लगातार नीचे आती गई। इसका सीधा असर फिल्म के पहले सप्ताह के प्रदर्शन पर देखने को मिला।
रिलीज से पहले ‘अल्फा’ की तुलना आलिया भट्ट की सफल फिल्मों ‘राज़ी’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ से की जा रही थी, लेकिन शुरुआती सप्ताह के कलेक्शन के मामले में यह दोनों फिल्मों से पीछे रह गई है। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म को मिली-जुली और कई जगह नकारात्मक समीक्षाओं का असर टिकट खिड़की पर साफ दिखाई दिया।
करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के साथ बॉबी देओल, अनिल कपूर और ऋतिक रोशन विशेष कैमियो में नजर आते हैं। मजबूत स्टारकास्ट और बड़े बैनर के बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक बड़ी संख्या में खींचने में सफल नहीं रही।
अब फिल्म के सामने नई चुनौती अजय देवगन की आगामी फिल्म ‘धमाल 4’ की रिलीज है। नई रिलीज के बाद ‘अल्फा’ के शोज में कमी आने की संभावना है, जिससे इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर और असर पड़ सकता है।

