ग्रेटर नोएडा : हरियाणवी स्टेज की चर्चित डांसर डिम्पल चौधरी एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। ग्रेटर नोएडा की कमर्शियल बेल्ट में हरियाणवी डांसर डिम्पल चौधरी का कथित गाली-गलौज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि फोटो खिंचवाने की बात को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था।
कौन हैं डिम्पल चौधरी?
हरियाणवी स्टेज डांस की दुनिया में तेजी से पहचान बनाने वाली डिम्पल चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली हैं। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और आसपास के राज्यों में आयोजित सांस्कृतिक, धार्मिक और मांगलिक कार्यक्रमों में उनकी स्टेज परफॉर्मेंस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सोशल मीडिया और वीडियो शेयरिंग साइट्स पर उनके डांस वीडियो लाखों बार देखे जाते हैं। एक इंटरव्यू में डिम्पल ने बताया था कि वह सिर्फ एक कलाकार ही नहीं बल्कि अपने पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी उठाती हैं — माता-पिता, चार बच्चे और तीन भाई-बहन। डांस कार्यक्रमों से वह हर महीने लाखों रुपये की कमाई करती हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह वीडियो तीन-चार दिन पहले का बताया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र की कमर्शियल बेल्ट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें डिम्पल चौधरी दो लोगों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करती दिखाई दे रही हैं। दरअसल, डिम्पल चौधरी अपने परिवार के साथ कमर्शियल बेल्ट पर आई थीं। इस दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें पहचान लिया और साथ में फोटो खिंचवाने की गुजारिश की। इसी बात पर वह नाराज हो गईं और उन लोगों के साथ गाली-गलौज करने लगीं। आसपास काफी भीड़ भी जमा हो गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि डिम्पल कहती हैं — “नहीं खिंचवाना फोटो, क्यों खिंचवाई?” और इसके बाद गाली-गलौज पर उतर आती हैं। वीडियो में हाथापाई भी देखी जा सकती है।
पुलिस की क्या है स्थिति?
सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। थाना बीटा-2 पुलिस ने पुष्टि की है कि इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर तीखी बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों का कहना है कि किसी फैन के फोटो खिंचवाने के निवेदन पर सरेआम गाली-गलौज नहीं करनी चाहिए थी। वहीं जिन लोगों के साथ विवाद हुआ था, उनका भी वीडियो सामने आया है। उनका कहना है कि उन्होंने शांतिपूर्वक फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया था, लेकिन डिम्पल चौधरी इस बात पर भड़क गईं।
पहले भी हो चुका है विवाद
इससे पहले जून 2026 में हाथरस के एक कार्यक्रम में एक मनचले द्वारा कमर छूने पर डांसर डिम्पल चौधरी ने उसे स्टेज पर ही थप्पड़ मार दिया था और माइक पर खरी-खोटी सुनाई थी। उस वीडियो ने भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में ला दिया था।
यह भी पढ़ें : दिल्ली हाई कोर्ट ने टेलीग्राम की याचिका खारिज की, NEET री-एग्ज़ाम तक प्रतिबंध बरकरार

