काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4बी पर PAC जवान की कार्बाइन से दुर्घटनावश फायरिंग, छर्रे लगने से तीन घायल

धर्मनगरी काशी के अति-संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर से शनिवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चल गई। यह घटना करीब साढ़े सात बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन अचानक छूटकर सड़क पर गिर गई, और जमीन पर गिरने के कारण कार्बाइन से दो राउंड गोलियां चल गईं। राहत की बात यह रही कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और लोगों की ओर उछल गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए।

चश्मदीद ने सुनाई आपबीती

घटना में घायल हुए एक फूल विक्रेता विकास यादव ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ गोली चली और पीएसी का जवान अपनी कार्बाइन को पीछे की तरफ पकड़कर खड़ा था, तभी अचानक उससे फायरिंग हो गई।

पुलिस अधिकारी का बयान

घटना पर वाराणसी में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि सुबह ड्यूटी पर मौजूद PAC जवान भीड़ हटाने का काम कर रहा था, इसी दौरान नंदू फारिया गली में अचानक से एक्सीडेंटल फायरिंग हुई जिसका प्रभाव ये रहा कि आस-पास पड़ी गिट्टी के टुकड़े पास ही मौजूद फूल विक्रेताओं को लग गए।

घटना के बाद कार्रवाई

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायजा लिया और मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित पीएसी जवान से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि प्रथम दृष्टया यह कार्बाइन से आकस्मिक फायरिंग का मामला है, फिर भी लापरवाही के पहलू की जांच जारी है। घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस घटना ने अति-सुरक्षित मंदिर परिसर में हथियारों की हैंडलिंग और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पानी का संकट गहराया, आम्रपाली सोसायटी से लेकर सेक्टर-3 तक दूषित जलापूर्ति से निवासी परेशान

यहां से शेयर करें