नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। साइबर क्राइम थाने के प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा, सब इंस्पेक्टर विकास तथा हेड कांस्टेबल विनय कुमार और कमल शामि शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर थाने के प्रभारी ने एक मामले में दबिश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी थी। नियमानुसार ऐसी कार्रवाई से पहले संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देना आवश्यक होता है, लेकिन थाना प्रभारी ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी। जब वरिष्ठ अधिकारियों को बिना अनुमति टीम भेजे जाने की जानकारी मिली तो मामले को गंभीरता से लिया गया। प्रारंभिक जांच में इसे पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही माना गया और थाना प्रभारी समेत चारों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर दी गई।
पुलिस कमिश्नर के इस कदम से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इससे पहले भी कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ड्यूटी में लापरवाही, जनशिकायतों के निस्तारण में कोताही और अन्य मामलों में कई पुलिसकर्मियों तथा चौकी प्रभारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। हाल के दिनों में फेज-3 और सेक्टर-49 थाना प्रभारियों को हटाया जा चुका है। दिवाली के बाद कई अन्य थाना प्रभारियों के तबादले या कार्रवाई की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। साइबर क्राइम थाने में फिलहाल नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट में अनुशासन बनाए रखने और कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।

