ग्रेटर नोएडा के कासना में तेज रफ्तार ट्रक ने दो महिलाओं को कुचला, दोनों की मौत; चालक हिरासत में

ग्रेटर नोएडा। कासना थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सड़क पार कर रहीं दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसा कासना यूपीसीडा कंपनी कट के सामने चौराहे पर हुआ। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर सिरसा की तरफ भाग निकला, हालांकि पुलिस ने आगे जाकर उसे पकड़ लिया।

अस्पताल में तोड़ा दम

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया, चालक हिरासत में

हादसे की सूचना पर कासना कोतवाली पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू की। भागे चालक का पीछा कर पुलिस ने ट्रक को आगे जाकर रोक लिया और उसे कब्जे में ले लिया। चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है।

बदायूं की रहने वाली थीं मृतका

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां गांव निवासी मनीषा (45) और हिम्मतपुर गांव निवासी विमलेश (43) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं एक निजी कंपनी में काम करती थीं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, केस दर्ज

पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के स्वजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा के PNB में खाताधारकों के करोड़ों रुपए गायब, मैनेजर समेत 5 कर्मचारी सस्पेंड, FIR दर्ज

यहां से शेयर करें