वाराणसी। काशी के व्यस्त गोदौलिया चौराहे पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक 3 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों के साथ उठा धुएं का गुबार करीब 3 किलोमीटर दूर से दिखाई दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं।
ग्राउंड फ्लोर की दुकान से शुरू हुई आग
जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर स्थित झाड़ू और पेंट की दुकान में लगी। पेंट जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पहली मंजिल पर स्थित ज्वैलरी शॉप और दूसरी मंजिल पर संचालित होटल को अपनी चपेट में ले लिया।
पहली मंजिल पर फंसे युवक को सीढ़ी से उतारा
हादसे के दौरान एक युवक पहली मंजिल पर फंस गया। दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। वहीं, होटल में एक व्यक्ति के फंसे होने का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति रेलिंग के सहारे बगल वाली बिल्डिंग में कूद गया।
ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ अंदर घुसे फायर फाइटर्स
इमारत में घना धुआं भरा होने के कारण दमकलकर्मी ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर अंदर दाखिल हुए और आग बुझाने का प्रयास किया। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
रास्ते बंद, बैरिकेडिंग
एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर उन्हें बंद कर दिया है, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
काशी विश्वनाथ मंदिर के पास है घटनास्थल
गौरतलब है कि गोदौलिया चौराहा वाराणसी का अत्यंत भीड़भाड़ वाला इलाका है। यहां से काशी विश्वनाथ मंदिर की दूरी महज 500 मीटर और नमो घाट की दूरी करीब 2 किलोमीटर है। इसी वजह से यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही हमेशा बनी रहती है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। अपडेट जारी है..
यह भी पढ़ें: अगर दलेर मेहंदी बीमार थे तो परफॉर्म क्यों किया?

