प्रियागोल्ड बिस्किट में मवेशियों का चारा, डोडला डेयरी के दूध में डिटर्जेंट

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने तीन बड़ी खाद्य कंपनियों के खिलाफ गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इनमें प्रियागोल्ड बिस्किट बनाने वाली सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड, डोडला डेयरी लिमिटेड और UEIR ऑर्गेनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। FSSAI ने शनिवार को आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की।

प्रियागोल्ड बिस्किट में मवेशियों का चारा
सबसे गंभीर मामला सूर्या फूड एंड एग्रो का है। एक उपभोक्ता शिकायत के बाद कंपनी के प्लांट का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि बिस्किट में फाइबर बढ़ाने के लिए जो ब्रान (चोकर) इस्तेमाल हो रहा था, वह मवेशियों के चारे के लिए था और मानव उपभोग के लिए उपयुक्त नहीं था। गनी बैग्स पर साफ लिखा था कि सामग्री पशु चारे के लिए है। इसके अलावा प्लांट में स्वच्छता, कीट नियंत्रण, कच्चे माल का भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता और परिसर रखरखाव में कई गंभीर कमियां सामने आईं। FSSAI ने पहले ही कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था और अब अभियोजन की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डोडला डेयरी के दूध में डिटर्जेंट और कास्टिक सोडा
डोडला डेयरी के फुल क्रीम दूध के सैंपल की जांच में भी चौंकाने वाले नतीजे आए। शुरुआती जांच में दूध में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से कम पाई गई। कंपनी की अपील के बाद रेफरल फूड लैबोरेटरी ने पुष्टि की कि दूध में डिटर्जेंट/कास्टिक सोडा मौजूद है और यह असुरक्षित तथा घटिया गुणवत्ता वाला है। FSSAI ने कंपनी और संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर्स के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है।

UEIR ऑर्गेनिक फूड्स की किशमिश में पेस्टीसाइड
तीसरे मामले में UEIR ऑर्गेनिक फूड्स द्वारा बेची जा रही येलो रेजिन (पीली किशमिश) में पेस्टीसाइड अवशेष पाए गए। इस पर भी अभियोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। FSSAI ने नार्पधम फूड्स, सन रिजेज हेल्थ केयर्स और एम/एस शा कांतिलाल जयंतलाल को भी नोटिस जारी किए हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट कहा है कि वह खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत किसी भी उल्लंघन या सार्वजनिक स्वास्थ्य से समझौते पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में FSSAI के सख्त रुख को दर्शाती है। आगे की जांच और अदालती प्रक्रिया जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के आनंद पर्वत में DTC बस की टक्कर, एक की मौत कई घायल; महिला चालक फरार

यहां से शेयर करें