ग्रेटर नोएडा। दादरी पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन आरआरयू (RRU) और चार एक्साइड बैटरी बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
हजरतपुर के रास्ते से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी कय्यूम मंसूरी को ग्राम हजरतपुर के रास्ते से दबोचा। आरोपी मूल रूप से गाजियाबाद के हिंडन विहार इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
साथियों के साथ मिलकर देता था चोरी को अंजाम
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में लगे मोबाइल टावरों को निशाना बनाता था। गिरोह टावरों से आरआरयू और बैटरी जैसे महंगे उपकरण चुराकर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। इससे मिलने वाली रकम आरोपी अपने निजी शौक और मौज-मस्ती पर खर्च करता था।
पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी कय्यूम मंसूरी के खिलाफ दादरी थाने में चोरी से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: BCI ने यूपी बार काउंसिल के आदेश पर लगाई रोक, मनोज भाटी को मिली राहत

