नोएडा में मोबाइल चोर गैंग का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, 21 फोन बरामद

नोएडा। फेस-2 थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी और स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी अब तक 50 से ज्यादा मोबाइल फोन चुरा चुके हैं। आरोपियों के पास से चोरी और स्नैच किए गए 21 मोबाइल फोन, दो चाकू और सेक्टर-10 से चोरी की गई एक बाइक बरामद की गई है।

कौन हैं आरोपी

पुलिस ने आरोपियों की पहचान सचिन (19) और विपिन (28) के रूप में की है। दोनों को 4 अक्टूबर को ककराला पुस्ता तिराहे के पास से दबोचा गया। पुलिस के अनुसार, मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए दोनों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

भीड़भाड़ वाली जगहों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दोनों मिलकर भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के मोबाइल फोन चुराते थे। इसके अलावा कंपनियों में काम कर घर लौट रहे कर्मचारियों और मजदूरों को रास्ते में घेरकर उनके मोबाइल छीन लेते थे। पुलिस के मुताबिक जब चोरी किए गए मोबाइल की संख्या बढ़ जाती थी, तो आरोपी उन्हें आगे बेच देते थे।

चोरी की बाइक भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक नंबर UP16EF4749 भी बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह बाइक दोनों ने नोएडा के सेक्टर-10 से चुराई थी, जिसके संबंध में फेस-1 थाने में पहले से केस दर्ज है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विपिन के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वहीं दूसरे आरोपी सचिन के खिलाफ भी 4 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, प्लास्टिक के 17 कमरे जलकर राख

यहां से शेयर करें