नोएडा में ज्वैलर्स से 65 लाख की निवेश ठगी, आरोपी फरार

नोएडा। शहर में ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार निशाना बनाया गया बग्गा ज्वैलर्स के सीएमडी पुनीत बग्गा को, जिनसे आरोपी ने 65 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुनीत बग्गा की शिकायत पर सेक्टर-24 थाने में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस अब जांच में जुटी है।

कैसे हुई ठगी

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सेक्टर-12 में कार्यालय चलाने वाले अजय राय ने पुनीत बग्गा को ऑनलाइन निवेश स्कीम के जरिए मोटे मुनाफे का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने उनसे 65 लाख रुपये की बड़ी रकम ले ली। बाद में जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दिया और आखिरकार पैसा लौटाने से इनकार कर दिया।

सिर्फ एक नहीं, कई लोग बने शिकार

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अजय राय ने अकेले पुनीत बग्गा को नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों को भी इसी तरह निवेश के नाम पर अपने झांसे में लिया और उनसे करोड़ों रुपये की उगाही की। आरोपी नोएडा की एक सोसाइटी में रहता था और वहीं से अपना नेटवर्क चलाता था।

रातोंरात संपत्ति बेचकर फरार

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लोगों से रकम ऐंठने के बाद अजय राय ने जल्दबाजी में अपना मकान और दुकान बेच दिया और इसके तुरंत बाद फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, उसकी बेटी और दामाद भी नोएडा में ही रहते हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर सकती है।

पुलिस कर रही जांच

सेक्टर-24 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अजय राय और उसके सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की जानकारी जुटाने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: 12 साल के आयुष का नग्न शव बाथरूम की चौखट से मिला लटका, मचा हड़कपं

यहां से शेयर करें