नोएडा। फेस-2 थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41 किलो 400 ग्राम गांजा, 1,800 रुपये नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक बुधवार को टीम भंगेल स्थित शमशान घाट के पास गंदे नाले की पटरी पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रिन्स कुमार साहू, पुत्र बैजू प्रसाद साहू, निवासी फिरोजपुर, थाना महरमा, जिला गोड्डा (झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल तिगरी गोलचक्कर के पास एक किराये के कमरे में रह रहा था।
बिहार से ट्रेन में सस्ते दाम पर लाता था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बिहार से ट्रेन के जरिए ससते दामों पर गांजा खरीदकर नोएडा लाता था और यहां इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
बाइक और नकदी भी जब्त
पुलिस ने गांजा बिक्री से हासिल 1,800 रुपये नकद के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल (नंबर UP16 DZ 5595) भी बरामद कर सीज कर दी है। इस मामले में थाना फेस-2 में एनडीपीएस एक्ट (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज एक्ट) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर गांजा सप्लाई के अन्य स्रोतों और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में MCA छात्र ने की आत्महत्या, एक महीने पहले ही आया था शहर

