ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर अल्फा-2 में मंगलवार को एक एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र ने अपने किराए के कमरे में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है, जो करीब एक महीने पहले ही ग्रेटर नोएडा आया था और यहां रहकर ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था।
कासगंज का रहने वाला था अभिषेक
अभिषेक मूल रूप से कासगंज जिले के थाना पटियाली क्षेत्र स्थित नगला खगो गांव का निवासी था। वह सेक्टर अल्फा-2 के एच ब्लॉक, मकान नंबर 364 में किराए के कमरे में अकेले रह रहा था और वहीं से एमसीए प्रथम वर्ष की ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
मंगलवार को घटना की जानकारी मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर अभिषेक के परिजन भी ग्रेटर नोएडा पहुंच गए।
परिवार में लगातार दो मौतों से था मानसिक तनाव में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले अभिषेक के छोटे भाई की मौत हुई थी, और इसके बाद परिवार में एक अन्य सदस्य की भी मृत्यु हो गई थी। इन लगातार हुई मौतों के चलते वह गहरे मानसिक तनाव में था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने फोन पर उसे समझाने की भी कोशिश की थी। पुलिस का कहना है कि इन मौतों का उसके मानसिक तनाव से संबंध होने की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या की निश्चित वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। छोटे भाई की मौत किस कारण हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अभिषेक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर इस घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है। बीटा-2 थाना पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: नोएडा में रेकी कर चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 50 से ज्यादा वारदातें कबूलीं

