नोएडा में रेकी कर चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 50 से ज्यादा वारदातें कबूलीं

नोएडा। मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को सेक्टर-20 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक 50 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 18 मामले दर्ज हैं। आरोपी की पहचान दिल्ली के सीमापुरी निवासी फहीम (24) के रूप में हुई है, जो फिलहाल गाजियाबाद के लोनी इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसे बुधवार को सेक्टर-21 से गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और 7 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं।

पहले करता था रेकी, फिर मौका देखकर देता था वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार फहीम चोरी से पहले घरों की बारीकी से रेकी करता था। वह यह पता लगाता था कि घर किस समय खाली रहता है और आसपास लोगों की आवाजाही कितनी रहती है। मौका मिलते ही वह ताला तोड़कर अंदर घुस जाता और गहने, नकदी व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। पूछताछ में उसने 50 से अधिक चोरियों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। साथ ही उसने अपने दो साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिनकी भूमिका और ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।

जांच के दौरान खुला राज़

सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की जांच के दौरान पुलिस को फहीम के बारे में सुराग मिला था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। बुधवार को वह दोबारा चोरी करने के इरादे से नोएडा पहुंचा था, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे सेक्टर-21 से धर दबोचा।

दिल्ली में 18, नोएडा में एक मामला दर्ज

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को पता चला कि दिल्ली के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ 18 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नोएडा सेक्टर-20 थाने में भी एक मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपी से उसके साथियों, पूर्व की वारदातों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें: महर्षि आश्रम की जमीन पर धड़ल्ले से अवैध निर्माण! ED की जांच के बीच भी नहीं थम रहा फ्लैट-विला बनाने का खेल

यहां से शेयर करें