नोएडा में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित, 120 लोगों ने उठाया लाभ

नोएडा। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज के जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच के स्वास्थ्य प्रकल्प निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र ने शनिवार को एक विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया। यह शिविर मैक्स मल्टी स्पेशियलिटी सेंटर, सेक्टर-19 के सहयोग से सेक्टर-12 स्थित ओल्ड कम्युनिटी सेंटर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला।

शिविर में लगभग 120 लोगों ने पहुँचकर विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जाँच सुविधाओं का लाभ उठाया। इस दौरान बोन मिनरल डेंसिटी (BMD), बॉडी मास इंडेक्स (BMI), PET स्कैन संबंधी जाँच, ईसीजी, ब्लड प्रेशर और रैंडम ब्लड शुगर सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। मौके पर मौजूद विशेषज्ञों ने लोगों को उनकी रिपोर्ट के आधार पर परामर्श भी दिया, जिससे उपस्थित लोगों में नियमित स्वास्थ्य जाँच के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ी।

छह डॉक्टरों की टीम ने दी सेवाएँ, डेंटल कैंप भी लगा

शिविर में मैक्स हॉस्पिटल की ओर से सौरभ कुमार के नेतृत्व में छह डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं। इसके अलावा एक विशेष डेंटल कैंप भी लगाया गया, जिसमें डेंटिस्ट डॉ. सलोनी गर्ग ने लोगों के दाँतों की जाँच कर आवश्यक सलाह दी। निःशुल्क दवा बैंक की चिकित्सा टीम में जनरल फिजिशियन डॉ. डी.डी. अरोड़ा, डॉ. राजेंद्र और ऑप्टोमेट्रिस्ट हिम्मत सिंह के साथ मिजबा, अंकिता और शुक्ला ने भी अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।

गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी विनीत गर्ग और ट्रेजरर विभा बंसल सहित संस्था की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में सौरभ द्विवेदी, आर.एन. श्रीवास्तव, रंजु माथुर, प्रदीप वोहरा, वरिष्ठ पत्रकार विनोद शर्मा, मुकेश चंद शर्मा, गौरव दुबे, राकेश कुमार, सुधांशु शर्मा और लुबना सैफी सहित कई सहयोगियों का योगदान रहा।

सेक्टर-23 निवासी ने दिया आर्थिक सहयोग

शिविर के दौरान सेक्टर-23 की निवासी मोनिका आर्यन ने नोएडा लोक मंच की स्वास्थ्य सेवा पहल में ₹1,000 की सहयोग राशि देकर योगदान दिया। संस्था ने जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने के इस प्रयास के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

महासचिव बोले – कोई भी वंचित न रहे स्वास्थ्य जाँच से

नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि स्वास्थ्य हर व्यक्ति की सबसे बड़ी जरूरत है और संस्था का प्रयास है कि आर्थिक या किसी अन्य कारण से कोई भी व्यक्ति आवश्यक स्वास्थ्य जाँच से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि समय पर की गई जाँच गंभीर बीमारियों की पहचान में मददगार साबित हो सकती है, इसलिए संस्था आगे भी ऐसे जनहितकारी शिविरों का आयोजन करती रहेगी।

उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मैक्स मल्टी स्पेशियलिटी सेंटर, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगियों का आभार जताया। साथ ही क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वयं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार के बुजुर्गों व जरूरतमंद लोगों को भी नियमित जाँच के लिए प्रोत्साहित करें। नोएडा लोक मंच की ओर से बताया गया कि संस्था का निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन पीजी इमारत ढहने के बाद पीजी गिराईं, 5 अफसर सस्पेंड

यहां से शेयर करें