नई दिल्ली/पटना। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ, कोलकाता, देहरादून, गुवाहाटी, चंडीगढ़, पटना और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की। उत्तराखंड के देहरादून में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। वहीं पटना में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कुछ जगहों पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
क्या है पूरा विवाद
कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि CEC ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नामों को हटाने की अनुचित अनुमति दी। पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की थी।
पार्टी का यह आरोप एक अंग्रेजी अखबार की उस रिपोर्ट के बाद और तेज हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के भीतर दोनों अन्य चुनाव आयुक्तों ने आयोग के फैसलों पर 14 बार आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि ज्ञानेश कुमार आयोग में मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और सहयोगी आयुक्तों की राय को नजरअंदाज कर रहे हैं। इस मामले में SIR की प्रक्रिया, दिशानिर्देशों और सॉफ्टवेयर में हुए बदलावों को असंवैधानिक घोषित करने और वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने की SIT जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की गई है।
कॉकरोच जनता पार्टी की चेतावनी
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाया है। संगठन ने गुरुवार को ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देने के लिए 48 घंटे की समयसीमा दी थी। शुक्रवार को पार्टी ने स्पष्ट किया कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस्तीफा नहीं दिया, तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। पार्टी ने इससे पहले बिहार में भी इस मुद्दे पर बड़े आंदोलन का ऐलान किया था और चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव भी लाया गया था, जो लोकसभा में खारिज हो गया था।
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया उद्घाटन

