ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बांगर गांव से जुड़ा एक मामला इन दिनों सुर्खियों में है। भारतीय किसान यूनियन महासभा से जुड़े कार्यकर्ता प्रेम सिंह के परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें आरोप है कि प्रेम सिंह के बेटे को चोटें आईं। हैरानी की बात यह रही कि इस घटना के बावजूद फॉर्मूला वन पुलिस चौकी के प्रभारी सौरभ सिंह ने पीड़ित पक्ष के विरुद्ध ही शांति भंग की धाराओं में मामला दर्ज कर दिया, जिसे लेकर अब किसान संगठन ने कड़ा एतराज जताया है।
मामले की जानकारी मिलते ही मंगलवार रात करीब 10 बजे भारतीय किसान यूनियन महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता भाटी अपने कार्यकर्ताओं के साथ दनकौर कोतवाली पहुंचीं। संगठन के अनुसार, गीता भाटी की मौजूदगी में पीड़ित पक्ष की तरफ से विधिवत एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया कि दूसरे पक्ष के खिलाफ भी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गीता भाटी ने इंस्पेक्टर मनोज चौहान से सीधे मुलाकात कर चौकी प्रभारी सौरभ सिंह को तत्काल हटाने की मांग रखी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर प्रशासन ने चौकी प्रभारी को नहीं हटाया, तो संगठन चौकी पर धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेगा।
धरने की चेतावनी और पुलिस से मुलाकात के दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन शर्मा समेत जितेंद्र नागर, विजेंद्र कशाना, दीपक ठाकुर, मुझाहिद जायसवाल, अनूप गौर, राघव सिंघल और प्रताप सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और यह देखना बाकी है कि चौकी प्रभारी को लेकर संगठन की मांग पर प्रशासन क्या रुख अपनाता है।

