130 मीटर रोड पर ग्लैंजा-ऑडी की जोरदार टक्कर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर रोड पर सोमवार को टोयोटा ग्लैंजा और ऑडी कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑडी कार सड़क के बीचोंबीच पलट गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए आगे बढ़कर कार को सीधा किया। पुलिस के मुताबिक यह हादसा बिसरख थाना क्षेत्र में चार मूर्ति चौराहे के पास हुआ। हादसे के वक्त दोनों गाड़ियों में सिर्फ ड्राइवर मौजूद थे और गनीमत रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई।

टक्कर के बाद पलटी ऑडी, राहगीरों ने की मदद

पुलिस के अनुसार ग्लैंजा और ऑडी की आमने-सामने भिड़ंत हुई। इस टक्कर में ग्लैंजा कार सड़क किनारे जा टकराई, जबकि ऑडी पूरी तरह पलट गई। हादसे की जगह पर देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने ड्राइवर की मदद से पलटी हुई ऑडी को वापस सीधा खड़ा किया। इसके बाद दोनों ड्राइवर अपने-अपने वाहन लेकर वहां से रवाना हो गए।

वीडियो वायरल होने के बाद खुला मामला

हादसे के अगले दिन यानी मंगलवार को ऑडी को सीधा करते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त इसकी कोई सूचना उन्हें नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें: सोसायटी में बह रहा पानी, रखरखाव व्यवस्था पर सवाल

यहां से शेयर करें