नोएडा में जल्द शुरू होंगे दो स्ट्रीट मार्केट, खान-पान के साथ मिलेगी पार्किंग की सुविधा

नोएडा। शहरवासियों के लिए खरीदारी और खान-पान का नया ठिकाना जल्द तैयार होने जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण बॉटेनिकल गार्डन से जीआईपी मॉल के बीच और सेक्टर-18 में दो नए स्ट्रीट मार्केट विकसित कर रहा है। इन दोनों मार्केट में कुल मिलाकर करीब 34 कियोस्क बनाए जाएंगे।

निर्माण की स्थिति

बॉटेनिकल गार्डन से जीआईपी मॉल के बीच बनने वाले मार्केट में 19 कियोस्क प्रस्तावित हैं, जिनमें से 16 का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं सेक्टर-18 में 15 कियोस्क बनाए जाने की योजना है।

आठ कंपनियों ने रखे सुझाव

कियोस्क के संचालन के लिए प्राधिकरण के पास आठ कंपनियों की ओर से प्रस्ताव आए हैं। इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 18 सितंबर को प्राधिकरण अधिकारियों के सामने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अब इन प्रस्तावों की समीक्षा एक गठित समिति करेगी, जिसमें प्राधिकरण के जीएम, प्लानिंग, सामान्य प्रशासन और लॉ विभाग के अधिकारी शामिल हैं। समिति की सिफारिश के बाद कियोस्क आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी और अक्टूबर से इनके संचालन की तैयारी है।

इंदौर के 56 मार्केट जैसा होगा स्वरूप

प्राधिकरण इन स्ट्रीट मार्केट को इंदौर के मशहूर 56 मार्केट की तर्ज पर विकसित कर रहा है। यहां मुख्य रूप से खान-पान की दुकानें होंगी, साथ ही अलग-अलग व्यंजनों के साथ बैठने और घूमने के लिए खुली जगह भी उपलब्ध होगी। मार्केट शुरू होने के बाद यह शाम के समय युवाओं और परिवारों के लिए नया आकर्षण केंद्र बन सकता है।

कम लागत, ज्यादा राजस्व को प्राथमिकता

प्राधिकरण की कोशिश है कि कियोस्क का संचालन कम लागत में हो, लेकिन उससे अधिकतम राजस्व मिल सके। इसी आधार पर कंपनियों के प्रस्तावों का मूल्यांकन किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले प्राधिकरण तीन बार टेंडर जारी कर चुका है, लेकिन नियम-शर्तों के अनुरूप आवेदन न आने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी।

100 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग

दोनों मार्केट में 100 से ज्यादा वाहनों के लिए सरफेस पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे सड़क किनारे अव्यवस्थित वाहन खड़े करने की समस्या कम होगी। इस पूरी परियोजना पर करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। कियोस्क आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबे समय से प्रस्तावित इन मार्केट के जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत, दो पर FIR

यहां से शेयर करें