लखनऊ। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के छोटे भाई और घरेलू क्रिकेटर मोहम्मद कैफ के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ है। लखनऊ की एक युवती ने आशियाना थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि कैफ ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में मुकर गए।
2020 में हुई थी मुलाकात, 2023 में गहरा हुआ रिश्ता
पीड़िता के अनुसार, उसकी और कैफ की मुलाकात 2020 में एक साझा दोस्त के जरिए हुई थी। शुरुआत में सोशल मीडिया पर बातचीत हुई, जो 2023 तक आते-आते गहरे रिश्ते में बदल गई। पीड़िता का कहना है कि कैफ अक्सर कहते थे कि IPL में सिलेक्शन होते ही वे शादी कर लेंगे। जब उनका चयन नहीं हुआ और पीड़िता ने शादी को लेकर सवाल किया, तो उनका व्यवहार बदलने लगा।
परिवार से भी हुई थी बातचीत, बाद में इनकार
पीड़िता ने दावा किया कि रिश्ते के दौरान उसकी बातचीत मोहम्मद शमी और परिवार के अन्य सदस्यों से भी होती थी। लेकिन जब परिवार ने शादी से इनकार किया, तो शमी ने खुद फोन कर स्पष्ट कह दिया कि यह विवाह संभव नहीं है। पीड़िता के मुताबिक, एक स्पोर्ट्स पॉडकास्ट में रिश्ते का जिक्र करने के बाद कैफ के भाई मोहम्मद हसीब से भी उसकी बात हुई थी। मई 2026 में कैफ ने कथित तौर पर कहा कि पॉडकास्ट हटवाने पर वे शादी कर लेंगे। इसके बाद मुरादाबाद में कैफ के कोच बदरुद्दीन के घर पर पीड़िता की मुलाकात कैफ की मां और भाई से हुई, जहां उसका आरोप है कि उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया।
कई शहरों में साथ रहने का दावा
पीड़िता ने बताया कि वह एविएशन सेक्टर में कार्यरत थी और अलग-अलग शहरों में उसकी आवाजाही रहती थी। उसके मुताबिक, कैफ जहां मैच खेलने जाते थे, वहां उसे बुलाते थे और दोनों उत्तर प्रदेश, कोलकाता, हैदराबाद व दिल्ली सहित कई शहरों में साथ रहे। पीड़िता का कहना है कि उनका रिश्ता पति-पत्नी जैसा था और उसे कभी अंदाजा नहीं हुआ कि यह धोखे में बदलेगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि कैफ को उसकी केबिन क्रू की नौकरी पसंद नहीं थी, जिसके चलते मानसिक तनाव के कारण उसका करियर प्रभावित हुआ।
थाने के बाहर से किया आखिरी कॉल
पीड़िता के अनुसार, कैफ से उसकी आखिरी बातचीत 30 मई 2026 को हुई थी। FIR दर्ज कराने से पहले आशियाना थाने के बाहर खड़े होकर उसने कैफ को आखिरी बार फोन किया और पूछा कि क्या अब भी शादी की कोई संभावना है, लेकिन कैफ ने साफ इनकार कर दिया।
“अब कोई गुंजाइश नहीं”
पीड़िता ने कहा कि अब वह कभी कैफ या उनके परिवार से मिलने नहीं जाएगी। उसने कहा कि परिवार को एक महिला की इज्जत के बारे में सोचना चाहिए और अब उसके मन में न तो कैफ के लिए माफी बची है, न ही रिश्ता आगे बढ़ाने की कोई गुंजाइश। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें: फर्नीचर कंपनी में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

