ग्रेटर नोएडा। सुरजपुर कस्बे में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही गुरुवार को एक हादसे की वजह बन गई। निर्माणाधीन सड़क पर बिछाए गए कंक्रीट के मलबे में एक तेज रफ्तार टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर फंस गई। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
न चेतावनी बोर्ड, न बैरिकेडिंग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुरजपुर में काफी समय से कंक्रीट सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार ने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए। न तो सड़क पर कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते कार चालक को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका और गाड़ी मलबे में जा फंसी।
JCB की मदद से निकाली गई कार
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और कार को मलबे से निकालने की कोशिश करने लगे। हालांकि गाड़ी गहरे मलबे में बुरी तरह धंसी हुई थी, जिसके चलते हाथों से निकालना मुश्किल हो गया। इसके बाद मौके पर एक जेसीबी मशीन मंगाई गई और उसकी मदद से कार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वीडियो वायरल, प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-46 में रामलीला मैदान का भूमि पूजन संपन्न, होगा भव्य रामलीला मंचन

