वाशिंगटन। अमेरिका में डीजल ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। गैसबडी के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय औसत कीमत लगभग 6.43 डॉलर प्रति गैलन रही। यह ऐतिहासिक उच्च स्तर है। यह तेजी हॉरमुज स्ट्रेट में जारी व्यवधान और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण पैदा हुई है। फरवरी में अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद हॉरमुज स्ट्रेट से तेल और डीजल की आपूर्ति बाधित हुई। वहीं यूक्रेन के रूस तेल सुविधाओं पर लंबे समय से हो रहे हमलों ने स्थिति और बिगाड़ दी है।
नियमित गैसोलीन की राष्ट्रीय औसत कीमत शुक्रवार को 4.47 डॉलर प्रति गैलन रही, जो ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से 1.53 डॉलर बढ़ चुकी है। डीजल की कीमतों में इस उछाल से अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों में लागत बढ़ने की चिंता जताई जा रही है। ड्राइवरों और घर मालिकों के ईंधन व ऊर्जा बिल से लेकर भोजन और यात्रा की कीमतें प्रभावित हो रही हैं। उत्पादकों और कंपनियों के मार्जिन सिकुड़ रहे हैं। हीटिंग ऑयल पर निर्भर परिवारों के लिए सर्दी का खर्च पिछले साल से 31 प्रतिशत से अधिक बढ़ सकता है। नॉन-प्रॉफिट नेशनल एनर्जी असिस्टेंस डायरेक्टर्स एसोसिएशन (NEADA) की हालिया रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है। समग्र सर्दी हीटिंग लागत भी 8.7 प्रतिशत से अधिक बढ़ने की संभावना है।
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें थोड़ी नरम हुईं, लेकिन 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहीं। ब्रेंट क्रूड लगभग 103 डॉलर प्रति बैरल (1.3 प्रतिशत कम) और डब्ल्यूटीआई क्रूड लगभग 102 डॉलर प्रति बैरल (0.4 प्रतिशत कम) पर कारोबार कर रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि आपूर्ति की तंगी बनी रहने से निकट भविष्य में राहत की संभावना कम है। डीजल ट्रकों, कृषि उपकरणों और माल ढुलाई पर निर्भर अर्थव्यवस्था में यह महंगाई और बढ़ सकती है।

