सोभिता धूलिपाला ने तेलुगु समुदाय पर उठाए सवाल, इन्फ्लुएंसर की पोस्ट को दिया समर्थन

अभिनेत्री सोभिता धूलिपाला ने हाल ही में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की उस पोस्ट का समर्थन किया, जिसमें कहा गया था कि तेलुगु समुदाय के लोग अक्सर अपने ही समुदाय के लोगों को सपोर्ट करने में पीछे रहते हैं। इसके साथ ही सोभिता ने अपने निजी अनुभव भी साझा किए, जब वे महज 16 साल की उम्र में मुंबई आ गई थीं।

क्या था इन्फ्लुएंसर का दावा

हैदराबाद की इन्फ्लुएंसर अहल्या ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई तेलुगु व्यक्ति कुछ नया शुरू करता है, तो समुदाय के लोग सपोर्ट करने के बजाय आलोचना क्यों करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि तेलुगु व्यक्ति का सबसे बड़ा दुश्मन दूसरा तेलुगु व्यक्ति ही होता है, और यह वाकई दुखद बात है। अहल्या ने आगे कहा कि तेलुगु लोग सिनेमा, संस्कृति और सामुदायिक गौरव को लेकर तो काफी मुखर रहते हैं, लेकिन जब कोई नया बिजनेस शुरू करता है, रेस्टोरेंट खोलता है या कुछ अलग करने की कोशिश करता है, तो उसे वैसा समर्थन नहीं मिल पाता।

सोभिता ने साझा किया अपना अनुभव

सोभिता ने इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए इमोजी के साथ अपनी सहमति जताई और अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वे 16 साल की उम्र में अपना सामान पैक कर मुंबई चली गई थीं, हालांकि उस वक्त सफलता की कोई गारंटी नहीं थी। उन्होंने लिखा कि उन्हें साफ महसूस हो रहा था कि जो माहौल वहां था, वह किसी भी नया सपना देखने वाले व्यक्ति के प्रति काफी प्रतिरोधी और आलोचनात्मक था, खासकर अगर वह व्यक्ति उस क्षेत्र में बाहरी हो। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर वह व्यक्ति महिला हो, तो यह दोगुना मुश्किल हो जाता है। सोभिता ने आगे उम्मीद जताई कि समय के साथ हालात बदले होंगे। उन्होंने लिखा कि यह बात काफी पुरानी है और उन्हें उम्मीद है कि अब स्थिति अलग होगी। उन्होंने अपने समुदाय के लिए शुभकामना देते हुए कहा कि हर किसी को उड़ान भरने के लिए पंख और मजबूत रीढ़ की हड्डी मिले।

सोभिता धूलिपाला के करियर पर एक नजर

सोभिता का जन्म आंध्र प्रदेश के तेनाली में हुआ था। वे 16 साल की उम्र में मुंबई आ गई थीं और बाद में कॉरपोरेट लॉ की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने मिस अर्थ 2013 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘रमन राघव 2.0’ (2016) से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसमें विक्की कौशल और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने ‘गुडाचारी’ (2018), ‘मूथोन’ (2019) और ‘पोन्नियिन सेल्वन: भाग 1’ (2022) जैसी फिल्मों में काम किया। वेब सीरीज ‘मेड इन हेवन’ (2019) और ‘द नाइट मैनेजर’ (2023) से भी उन्हें खासी पहचान मिली। उनकी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘चीकटिलो’ (2026) है, जो एक तेलुगु क्राइम थ्रिलर है और शरण कोप्पिसेट्टी द्वारा निर्देशित है। इस फिल्म में सोभिता के साथ विश्वदेव राचाकोंडा भी नजर आए। बता दें, सोभिता ने दिसंबर 2024 में हैदराबाद में अभिनेता नागा चैतन्य से शादी की थी।

यह भी पढ़ें: नाशिक में आवारा कुत्तों के आतंक पर अनोखा विरोध, अधिकारी की टेबल पर छोड़े पिल्ले

यहां से शेयर करें