खड़े केंटर में मिला चालक का शव, दम घुटने से मौत की आशंका

ग्रेटर नोएडा। थाना कासना क्षेत्र में 16 सितंबर को एक केंटर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। पुलिस को डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि गांव लड़पुरा में खड़े एक केंटर में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि केंटर के दरवाजे अंदर से लॉक थे। इसके बाद फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया।

कौन था मृतक

जांच में मृतक की पहचान केंटर चालक पवन शर्मा (37) पुत्र चंद्रप्रकाश शर्मा के रूप में हुई। वह बुलंदशहर जिले के थाना अनुपशहर क्षेत्र के गांव ऐचोरा का रहने वाला था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पवन शर्मा अलीगढ़ से आलू लेकर गाजीपुर मंडी में सप्लाई देने के लिए निकला था।

दम घुटने से मौत की आशंका

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चालक ने केंटर के दरवाजे और शीशे बंद करके अंदर ही आराम करने का प्रयास किया था, जिस दौरान दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

परिजन पहुंचे मौके पर, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें: द्वारका एक्सप्रेसवे पर DU छात्र की तेज रफ्तार कार से कुचल कर 2 मजदूर की मौत

यहां से शेयर करें