एकंगरसराय नालंदा, निजी क्लिनिक में सर्जरी के बाद महिला की मौत, सड़क जाम

नालंदा (एकंगरसराय), एकंगरसराय के एक निजी क्लिनिक में सर्जरी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर पटना रेफर की गई एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव के साथ एकंगरसराय-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम रखकर क्लिनिक संचालक पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।

यह है पूरा मामला

तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के खड़ी लोदीपुर गांव निवासी गुड्डू पासवान की पत्नी काजल कुमारी को प्रसव के लिए एकंगरसराय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें विशेष इलाज के लिए पटना रेफर करने की सलाह दी गई, लेकिन इसके बजाय स्थानीय “न्यू संविधान क्लिनिक” में भर्ती करा दिया गया। शुक्रवार को यहीं ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि नवजात शिशु सुरक्षित है।

आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम

मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव लेकर एकंगरसराय पहुंचे और बिहारशरीफ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एकंगरसराय थानाध्यक्ष अनिल कुमार और अपर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत किया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम हटाया जा सका। घटना की भनक लगते ही क्लिनिक संचालक बाहर लगे बैनर-बोर्ड हटाकर क्लिनिक बंद कर फरार हो गया।

दर्जनों अवैध नर्सिंग होम बेखौफ चला रहे झोलाछाप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एकंगरसराय और तेल्हाड़ा प्रखंड क्षेत्र में दर्जनों झोलाछाप चिकित्सक बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर और फर्जी डिग्रियों के सहारे अवैध नर्सिंग होम चला रहे हैं, जो भोली-भाली जनता को ठग रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इन अवैध क्लिनिकों को क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी का भी संरक्षण प्राप्त है, जिस वजह से न स्वास्थ्य विभाग और न ही जिला प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई कर पा रहा है।

पुलिस में मामला दर्ज, जांच जारी

परिजनों ने निजी क्लिनिक संचालक के खिलाफ एकंगरसराय थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सक्रिय सभी अवैध नर्सिंग होम की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: हैदराबाद में वरिष्ठ पत्रकार देवकुमार पुखराज को मिला पं.सदाशिव शर्मा स्मृति पुरस्कार

यहां से शेयर करें