नोएडा। रैपिडो के एक डिलीवरी राइडर द्वारा एक महिला ग्राहक को निजी और आपत्तिजनक मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। राइडर ने पहले हालचाल पूछा और फिर थोड़ी देर बाद सीधे प्रेम जताने वाला मैसेज भेज दिया। मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रैपिडो कंपनी ने माफी मांगी है।
क्या है पूरा मामला
नोएडा में रहने वाली डिजिटल कम्युनिकेशन एक्सपर्ट गीतिका श्रीवास्तव ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि रविवार सुबह उन्होंने रैपिडो के जरिए दो पार्सल ऑर्डर बुक किए थे। दूसरा ऑर्डर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने फोन चेक किया, तो रैपिडो पोर्टल पर डिलीवरी राइडर की ओर से भेजा गया आपत्तिजनक मैसेज मिला। उन्होंने यह बात अपने पति को बताई, जिन्होंने राइडर के मैसेज का जवाब दिया। गीतिका के मुताबिक, उन्होंने रैपिडो ऐप पर काफी देर तक शिकायत दर्ज कराने का विकल्प तलाशा, लेकिन उन्हें ऐसा कोई विकल्प नहीं मिला। इसके बाद पति ने पूरा मामला लिंक्डइन पर शेयर किया। दो बार याद दिलाने के बाद रैपिडो की तरफ से माफी मांगी गई।
पुलिस-कंपनी की चेतावनी पर भी बेखौफ रहा राइडर
गीतिका ने बताया कि पुलिस या कंपनी में शिकायत की चेतावनी देने के बावजूद राइडर पर कोई असर नहीं पड़ा, बल्कि उसने खुद ही शिकायत करने के लिए कह दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कंपनी किस आधार पर लोगों को डिलीवरी पार्टनर के तौर पर भर्ती कर रही है और क्या ऐसे व्यवहार पर राइडर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई होगी।
रैपिडो ने पोस्ट पर कमेंट कर मांगी माफी
मामला वायरल होने के बाद रैपिडो ने गीतिका की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी और माफी मांगी। कंपनी ने कहा कि डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के व्यवहार को लेकर महिला की चिंता को वह गंभीरता से लेती है और ग्राहकों की सुरक्षा व सम्मान उसकी प्राथमिकता में है।
यूजर्स ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग
कंपनी की माफी के बावजूद मामला ठंडा नहीं पड़ा। लिंक्डइन पर तीन दिन में दर्जनों यूजर्स ने कमेंट कर रैपिडो के रवैये पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने कहा कि सिर्फ माफी काफी नहीं है, राइडर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और कंपनी पर जुर्माना भी लगना चाहिए। कुछ यूजर्स ने यह भी दावा किया कि उनकी जान-पहचान की अन्य महिलाओं को भी रैपिडो राइडर्स से इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन कंपनी की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

