नोरा फतेही पर एविएशन कंपनी का ₹3 करोड़ का मानहानि केस, चार्टर्ड प्लेन को बताया था ‘टॉय एयरप्लेन’

अहमदाबाद। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही के खिलाफ एक चार्टर्ड एविएशन कंपनी ने ₹3 करोड़ का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा की सोशल मीडिया पोस्ट से उसकी प्रतिष्ठा और कारोबार को गंभीर नुकसान पहुंचा है। ड्यून्स एविएशन नाम की इस कंपनी ने यह याचिका गांधीनगर की अदालत में दाखिल की है। कंपनी के मुताबिक, नोरा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक चार्टर्ड विमान की यात्रा के दौरान बनाई गई वीडियो शेयर करते हुए उसे छोटा, “टॉय” और “लेगो एयरप्लेन” जैसे शब्दों से संबोधित किया था।

पिछले साल दिसंबर की उड़ान का है मामला

कंपनी की शिकायत के अनुसार, यह घटना बीते साल दिसंबर की है, जब नोरा ने मुंबई से जयपुर के सफर के दौरान सेसना साइटेशन CJ2 विमान में सवार होकर कई वीडियो रिकॉर्ड किए थे। इन वीडियो में उन्होंने विमान के आकार को लेकर टिप्पणियां की थीं, जिन्हें कंपनी ने अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना बताया है।

बुकिंग घटने का दावा

कंपनी का कहना है कि नोरा के 4.6 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं, और उनकी टिप्पणियों का सीधा असर कारोबार पर पड़ा। कंपनी के अनुसार इसके चलते कई बुकिंग रद्द हुईं और समग्र बुकिंग में 15 से 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस विमान से नोरा ने यात्रा की थी, वह पूरी तरह मानक आकार का, DGCA-प्रमाणित और वैध NSOP के अंतर्गत संचालित हो रहा था।

सार्वजनिक माफी और कंटेंट हटाने की मांग

अपनी याचिका में कंपनी ने कोर्ट से ₹3 करोड़ के हर्जाने के साथ-साथ यह भी मांग की है कि नोरा फतेही सोशल मीडिया से विमान से संबंधित सभी पोस्ट और वीडियो हटाएं और सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण जारी करें। मामले की सुनवाई सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में 25 सितंबर को होगी। अभी तक नोरा की ओर से इस मुकदमे पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नोरा फतेही से जुड़े अन्य विवाद

नोरा फतेही इससे पहले भी कई विवादों में घिर चुकी हैं:

2022: सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने नोरा से पूछताछ की थी, हालांकि उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया।

2022: इसी मामले में नाम जुड़ने पर नोरा ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था।

2022: कतर में फीफा वर्ल्ड कप के दौरान परफॉर्मेंस में तिरंगा उल्टा पकड़े जाने पर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई थी।

2020: कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस के साथ डांस रिहर्सल का एक वीडियो वायरल होने पर विवाद खड़ा हुआ था, जिसमें बाद में छेड़छाड़ की बात सामने आई थी।

यह भी पढ़ें: PM मोदी से बोलीं थीं ‘डू योर जॉब’, अब बिग बॉस-20 में 2 मिनट में हुईं बाहर; रिया अहीर को जनता ने नहीं चुना

यहां से शेयर करें