जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होना पड़ा भारी, जीबीयू छात्र को शांति भंग का 5 लाख का नोटिस, एसएफआई ने जताया विरोध

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी (जीबीयू) के छात्र अक्षत त्रिपाठी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन में शामिल होना महंगा पड़ गया है। ग्रेटर नोएडा प्रशासन ने उन्हें शांति भंग से जुड़े एक मामले में 5 लाख रुपये का नोटिस थमाया है। अक्षत त्रिपाठी स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की उत्तर प्रदेश स्टेट कमेटी के सदस्य भी हैं।

4 सितंबर को जारी हुआ नोटिस

ग्रेटर नोएडा के कार्यपालक मजिस्ट्रेट-3 ने 4 सितंबर को अक्षत त्रिपाठी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 130 के तहत यह नोटिस भेजा। यह कार्रवाई ईकोटेक-1 थाने के एक सब-इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान अक्षत त्रिपाठी ने छात्रों को सरकार के खिलाफ भड़काने और संगठित करने का प्रयास किया।

छात्र ने आरोपों को नकारा

अक्षत त्रिपाठी ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने प्रदर्शन में पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से भाग लिया था। उन्होंने बताया कि उस दौरान गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी लगभग तीन महीने से बंद थी, जिस कारण वे नियमित रूप से क्लास नहीं जा पा रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि 20 जुलाई को सीजेपी के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में वे घायल हो गए थे।

एसएफआई ने बताया दबाव बनाने की कोशिश

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने इस नोटिस की कड़ी निंदा की है। संगठन का कहना है कि यह विरोध का अधिकार इस्तेमाल करने वाले छात्रों को डराने और दबाव में लाने की कोशिश है। एसएफआई के अनुसार, जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। संगठन ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस पर आरोप लगाया कि वे असहमति की आवाज दबाने के लिए कानून-व्यवस्था संबंधी प्रावधानों का दुरुपयोग कर रहे हैं। एसएफआई ने यह भी दावा किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश मौजूद होने के बावजूद अक्षत त्रिपाठी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई, जो अदालत के आदेशों की अनदेखी दर्शाता है।

यह भी पढ़ें: आम्रपाली ड्रीम वैली सोसायटी में पार्किंग विवाद पर मारपीट, वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की जांच

यहां से शेयर करें