नोएडा के होशियारपुर में इलेक्ट्रिक गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; फायर ब्रिगेड ने 1.5 घंटे में काबू पाया

नोएडा, नोएडा के थाना सेक्टर 49 क्षेत्र अंतर्गत होशियारपुर गांव में मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रिक उपकरण गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, लेकिन किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 51 स्थित होशियारपुर की गली नंबर-2 में मनीष शर्मा के गोदाम में सुबह करीब 7:25 बजे आग लगने की खबर मिली थी। गोदाम में फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रिक सामान रखे हुए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस यूनिट तुरंत मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए कुल 16 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। गोदाम एक सकरी गली में स्थित था और अंदर से बंद था, इसलिए आसपास के मकानों को भी खाली कराया गया। दमकल कर्मचारियों ने तीन शीट काटकर गोदाम में तीन तरफ से घुसकर आग पर पूरी तरह काबू पाया।अधिकारी ने कहा कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है। जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: स्कूल में घुसकर छात्रों से मारपीट, 8-10 युवकों ने 4 स्टूडेंट को पीटा, CCTV में कैद हुई घटना, FIR दर्ज

यहां से शेयर करें