मिर्जापुर द मूवी: महाराणा प्रताप को समर्पित गाने पर विवाद, सिंगर रैपेरिया बालम ने लगाया चोरी का आरोप

मुंबई। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी और गुरमीत सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ इस शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु और रसिका दुग्गल जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया पा रही है, लेकिन अब यह एक नए विवाद में घिर गई है।

क्या है पूरा मामला

राजस्थान के लोकप्रिय सिंगर रैपेरिया बालम ने आरोप लगाया है कि उनके गाने “शूरवीर” का इस्तेमाल फिल्म की क्लाइमेक्स सीन में बिना उनकी अनुमति के किया गया है। यह गाना वीर योद्धा महाराणा प्रताप को समर्पित है, लेकिन फिल्म में इसे गैंगस्टरों से जुड़े दृश्यों में इस्तेमाल किया गया, जिससे कलाकार बेहद आहत हैं।

सोशल मीडिया पर छलका सिंगर का दर्द

रैपेरिया बालम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी टीम से बिना संपर्क किए और बिना अनुमति लिए गाने का इस्तेमाल किया गया, जबकि अगर मेकर्स उनसे बात करते तो वे खुद कई सुझाव देने को तैयार थे। उन्होंने इसे राजस्थान और महाराणा प्रताप का अपमान बताते हुए कहा कि इस पर आगे कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। बालम ने यह भी बताया कि गाना रिलीज होने के बाद से उन्हें हजारों संदेश मिल रहे हैं, जिनमें लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं, लेकिन उन्हें दुख इस बात का है कि निर्माताओं ने उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

राजस्थानी संस्कृति से जुड़े लोगों में नाराजगी

सिंगर के बयान के बाद राजस्थानी लोक संगीत को समर्पित एक सोशल मीडिया पेज ने भी फिल्म निर्माताओं की आलोचना की। उनका कहना था कि इतिहास का सम्मान होना चाहिए, न कि उसे अपराध कथाओं में सस्ते मनोरंजन के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। एक अन्य कंटेंट क्रिएटर ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि महाराणा प्रताप साहस, बलिदान, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं, और उनकी विरासत को सम्मान के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने एक्सेल एंटरटेनमेंट और फिल्म निर्माताओं से अपील की कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और सीधे सिंगर से बातचीत कर मसला सुलझाएं।

निर्माताओं की चुप्पी

अब तक मिर्जापुर टीम या एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। फिल्म को लेकर जहां एक तरफ दर्शकों और समीक्षकों की सराहना मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ यह कॉपीराइट और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली पीजी हादसा: 7 मौतों के बाद MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड, पास रहने वाले छात्र बोले- डर के साये में गुजरी रात

यहां से शेयर करें