नोएडा मोबाइल चोरी: नोएडा में किराएदारों को निशाना बनाने वाले मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़: 4 गिरफ्तार, 24 फोन और चाकू बरामद

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में किराएदारों के घरों में घुसकर मोबाइल फोन और कीमती सामान चुराने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 24 चोरी के मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू तथा सात छोटे धारदार चाकू बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी का ब्यौरा

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) स्वतंत्र सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिक्कू उर्फ राजकुमार (20), राजा भास्कर (19), रिषभ (19) और श्याम साहू (28) के रूप में हुई है।  चारों आरोपी नोएडा के चोटपुर कॉलोनी में रहते थे।

पुलिस ने आरोपियों से निम्न सामान बरामद किया है:

24 चोरी के मोबाइल फोन

एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP75AQ4105)

दो अवैध चाकू

सात छोटे धारदार चाकू

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चाकू वे लोगों को डराने-धमकाने के साथ रखते थे।

वारदात का तरीका: किराएदारों वाले मकानों को बनाते थे निशाना

सेक्टर-63 थाना पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरोह विशेष रूप से ऐसे मकानों की रेकी करता था जहां बड़ी संख्या में लोग किराए पर रहते हैं। मौका मिलते ही गिरोह के सदस्य एक साथ मकान में घुस जाते थे और खुले कमरों में रखे मोबाइल फोन, लैपटॉप व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे। जब उनके पास काफी संख्या में मोबाइल इकट्ठे हो जाते थे तो वे उन्हें राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे। मोबाइल बेचकर मिले रुपए आरोपी आपस में बांट लेते थे और फिर मौज-मस्ती में खर्च करते थे।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।  फिलहाल पुलिस आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। यह कार्रवाई नोएडा में हाल के दिनों में मोबाइल चोरी के बढ़ते मामलों के बीच की गई है। इसी सप्ताह सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग के एक अन्य मामले में दो आरोपियों को 31 चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन में भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत, तीन लोगों की मौत, मलबे में दबे कई लोग

यहां से शेयर करें