ग्रेटर नोएडा: सुपरटेक ईको विलेज वन में छत का प्लास्टर गिरा, बच्चा घायल, निवासियों में आक्रोश

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सुपरटेक ईको विलेज वन सोसायटी में निर्माण गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार देर रात एक फ्लैट में कमरे की छत का प्लास्टर अचानक बेड पर गिर गया, जिससे वहां सो रहे एक बच्चे को हाथ और पैर में चोट आई।

टावर बी-1 के फ्लैट में हुआ हादसा

यह घटना सोसायटी के टावर बी-1 स्थित फ्लैट नंबर 205 में हुई, जहां वरुण सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब पौने एक बजे कमरे की छत से प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा अचानक नीचे गिर पड़ा। उस वक्त बेड पर उनका बेटा सो रहा था, जो चपेट में आने से घायल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग तुरंत कमरे से बाहर निकल आए।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, स्थायी समाधान नहीं

सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं यहां पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने अब तक इसका कोई स्थायी हल नहीं निकाला है। लोगों का कहना है कि जर्जर हिस्सों की समय पर जांच और मरम्मत होनी चाहिए थी, जिससे यह हादसा टाला जा सकता था।

गनीमत रही, वरना हो सकता था बड़ा हादसा

निवासियों का कहना है कि इस बार मामला गंभीर नहीं हुआ, लेकिन अगर प्लास्टर सीधे किसी व्यक्ति के ऊपर गिरता तो स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती थी। पीड़ित परिवार के वरुण सिंह ने प्रबंधन से मांग की है कि फ्लैट की छत की तकनीकी जांच तुरंत कराई जाए और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की जाए।

रखरखाव शुल्क के बावजूद लापरवाही का आरोप

सोसायटी के एक अन्य निवासी संजय शर्मा ने बताया कि हर महीने प्रबंधन को रखरखाव शुल्क दिया जाता है, इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रबंधन की उदासीनता के चलते भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

प्राधिकरण की चुप्पी पर सवाल

निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं और मांग की है कि सोसायटी में निर्माण गुणवत्ता की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-105 के शिव मंदिर में भव्य ‘कृष्णोत्सव’ संपन्न, भजन-संकीर्तन से गूंजा प्रांगण, पूर्व मुख्य सचिव रहे मुख्य अतिथि

यहां से शेयर करें