BRICS Summit 2026: नई दिल्ली। राजधानी में होने वाले 18वें BRICS लीडर्स समिट को देखते हुए दिल्ली और नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय 11 सितंबर 2026 को बंद रहेंगे। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है।
मंत्रालय के अनुसार, 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में BRICS बिजनेस फोरम और 18वां BRICS लीडर्स समिट आयोजित होगा। सम्मेलन में BRICS सदस्य और साझेदार देशों के नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख तथा कारोबारी प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
BRICS Summit 2026:
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए फैसला
BRICS सम्मेलन में बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों और प्रतिनिधियों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए राजधानी में व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए जा रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र सरकार के कार्यालय बंद रखने का निर्णय सम्मेलन की लॉजिस्टिक तैयारियों के साथ-साथ आम लोगों को संभावित असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।
12 और 13 सितंबर को पहले से अवकाश
आदेश के मुताबिक, कार्यालय बंद रखने का निर्णय केवल शुक्रवार, 11 सितंबर के लिए लागू होगा। इसके बाद 12 सितंबर शनिवार और 13 सितंबर रविवार है। इस तरह BRICS सम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार के कार्यालय लगातार तीन दिन बंद रहेंगे।
चौथी बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा भारत
भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में तीन बार इस समूह की अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली है। वर्ष 2026 BRICS के लिए भी खास है, क्योंकि इसी साल समूह की स्थापना के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
18वें BRICS लीडर्स समिट को भारत की कूटनीतिक और वैश्विक भूमिका के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के नेताओं के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, विकास और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
BRICS Summit 2026:

