नई दिल्ली। 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान अब एक निजी विमानन कंपनी से जुड़ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने गोवा आधारित एयरलाइन FLY91 में पायलट के तौर पर ज्वाइन किया है। सूत्रों के अनुसार, 43 वर्षीय अभिनंदन इसी साल मार्च में भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए थे और पिछले महीने उन्होंने FLY91 जॉइन किया। हालांकि उनकी भूमिका या उड़ान संबंधी जिम्मेदारियों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। FLY91 के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की निजी जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए इस पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।
कौन हैं अभिनंदन वर्धमान
फरवरी 2019 में बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद हुए हवाई संघर्ष के दौरान अभिनंदन ने अपने मिग-21 बाइसन विमान से पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को मार गिराया था। इस दौरान उनका विमान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते उन्हें पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में इजेक्ट होना पड़ा। पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया और तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा, बाद में उन्हें भारत को सौंप दिया गया। अभिनंदन एकमात्र ऐसे मिग-21 पायलट हैं जिन्होंने किसी F-16 विमान को मार गिराया हो। उनकी इस बहादुरी के लिए 2021 में उन्हें भारत के तीसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पुरस्कार, वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। पुरस्कार प्रशस्ति पत्र में उनकी “असाधारण कर्तव्यनिष्ठा” की सराहना करते हुए कहा गया था कि उन्होंने संख्या में कहीं अधिक शक्तिशाली दुश्मन बल के सामने भी डटकर मुकाबला किया। घटना के समय वे विंग कमांडर के पद पर थे, बाद में वायुसेना ने उन्हें ग्रुप कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया।
FLY91 के बारे में
FLY91 ने मार्च 2024 में अपना व्यावसायिक परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन के पास फिलहाल छह ATR 72-600 विमानों का बेड़ा है और इसके परिचालन केंद्र गोवा तथा हैदराबाद में स्थित हैं।

