US Firing News: मिनियापोलिस में 2 पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी, वर्जीनिया स्कूल में हमलावर की मौत

US Firing News: वॉशिंगटन/मिनियापोलिस/वेनसबरो, अमेरिका में बुधवार का दिन बंदूक हिंसा की दो अलग-अलग बड़ी घटनाओं के चलते सुर्खियों में रहा। एक ओर मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर के डाउनटाउन इलाके में हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए, तो दूसरी ओर वर्जीनिया राज्य के एक प्राथमिक स्कूल में घुसे बंदूकधारी ने एक स्टाफ सदस्य को घायल करने के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी।

मिनियापोलिस: डाउनटाउन इलाके में गोलीबारी, दो पुलिसकर्मी घायल

मिनियापोलिस शहर प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार दोपहर शहर के डाउनटाउन क्षेत्र में स्थित 15 ई. ग्रांट स्ट्रीट के आसपास गोलीबारी हुई, जिसमें दो पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज़ ने अपनी सार्वजनिक सुरक्षा टीम को घटनास्थल पर भेजा। गवर्नर वॉल्ज़ ने बयान जारी कर कहा कि राज्य के अधिकारी स्थानीय पुलिस बल की मदद के लिए मौके पर मौजूद हैं और स्थिति स्पष्ट होते ही और जानकारी साझा की जाएगी।

स्थानीय प्रशासन ने आसपास के निवासियों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी है। हालांकि घायलों की सटीक संख्या, उनकी हालत और घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह मामला अब भी जांच के दायरे में है और स्थिति लगातार बदल रही है।

वर्जीनिया: प्राथमिक स्कूल में घुसा बंदूकधारी, स्टाफ को मारी गोली, फिर खुद को खत्म किया

वहीं वर्जीनिया राज्य के वेनसबरो शहर में स्थित वेस्टवुड हिल्स एलिमेंट्री स्कूल में बुधवार सुबह करीब 9:12 बजे एक “संदिग्ध व्यक्ति” के परिसर में मौजूद होने की सूचना स्टाफ ने पुलिस को दी। यह स्कूल शार्लट्सविल शहर से करीब 30 मील (लगभग 48 किलोमीटर) दूर स्थित है।

पुलिस चीफ डेविड शॉ के अनुसार, घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी और स्टाफ ने तुरंत लॉकडाउन प्रक्रिया लागू कर दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो 19 वर्षीय संदिग्ध, जिसकी पहचान एंथनी इग्नाशियादिस-इसाबेल के रूप में हुई, स्कूल की लाइब्रेरी में खुद को गोली मारकर मृत पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक उस समय लाइब्रेरी में कोई छात्र मौजूद नहीं था।

गोलीबारी में स्कूल के एक स्टाफ सदस्य को गोली लगी, जिसकी चोट जानलेवा नहीं थी और उसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वेनसबरो पब्लिक स्कूल्स के सुप्रिटेंडेंट जेफ्री कैसल के अनुसार, संदिग्ध वेनसबरो पब्लिक स्कूल्स का छात्र नहीं था। हमले के पीछे की वजह और हथियार को लेकर पुलिस ने अभी तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, न ही यह स्पष्ट किया है कि संदिग्ध का पीड़ित से कोई संबंध था या नहीं। भावुक होते हुए सुप्रिटेंडेंट कैसल ने कहा कि यह वह दिन है जिसका सामना हर स्कूल प्रशासन को डर रहता है, लेकिन स्टाफ, वेनसबरो पुलिस, ऑगस्टा काउंटी शेरिफ कार्यालय और वर्जीनिया स्टेट पुलिस की सूझबूझ से हर छात्र और स्टाफ सदस्य सुरक्षित घर लौट सका। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को गले लगाएं।

जांच जारी

दोनों ही घटनाओं की जांच संबंधित राज्य और स्थानीय एजेंसियां कर रही हैं। मिनियापोलिस मामले में अभी और अपडेट आने बाकी हैं, जबकि वर्जीनिया की घटना में पुलिस ने कहा है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है।

यह भी पढ़ें: पुलिस की थ्योरी हुई फ़ेल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आख़िर क्यों लगाया गौतमबुद्ध नगर DM पर जुर्माना, जानिए एक ही पहलू

यहां से शेयर करें