Chhotpur-Chhijarsi Power Crisis: नोएडा। सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी गांव में बिजली कनेक्शन काटे जाने को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां विद्युत निगम अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर हजारों वैध उपभोक्ता भी इसकी जद में आकर परेशान हो रहे हैं। इसी मुद्दे पर नौएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र प्रेषित कर वैध उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों की पीड़ा, टूटा पानी का इंतजाम भी
क्षेत्र में उत्पन्न बिजली संकट का संज्ञान लेते हुए शालिनी सिंह ने प्रभावित इलाके का व्यापक दौरा किया। दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने उन्हें बताया कि अवैध कनेक्शनों की कार्रवाई की आड़ में उनके वैध बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए हैं, जिससे उन्हें बेवजह प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। बिजली गुल होने से इलाके में पानी का संकट भी गहरा गया, क्योंकि ज्यादातर घर सबमर्सिबल पंप पर निर्भर हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शालिनी सिंह ने तुरंत विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की, जिन्होंने वैध कनेक्शनों को शीघ्र जोड़ने का आश्वासन दिया। पानी की किल्लत को लेकर उन्होंने नौएडा प्राधिकरण के जल महाप्रबंधक आर.पी. सिंह से भी बात की, लेकिन जब प्राधिकरण की ओर से टैंकर भेजने में असमर्थता जताई गई तो शालिनी सिंह ने अपने स्तर पर निजी टैंकरों के जरिए प्रभावित परिवारों के लिए निःशुल्क पानी की व्यवस्था करवाई।
लगातार वार्ता, वैध पर्ची वालों को जल्द मीटर देने का आश्वासन
एनसीएफ की टीम ने चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी गांव का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों और उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनकर शालिनी सिंह को अवगत कराया। इसके बाद शालिनी सिंह ने पुनः बिजली विभाग और राज्य सरकार के संबंधित अधिकारियों से विस्तृत वार्ता की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जिन उपभोक्ताओं के पास वैध पर्ची और जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं, उनके मीटर लगाने का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। शालिनी सिंह ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से शांति बनाए रखने और सरकार पर भरोसा रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों के पास अभी तक वैध कनेक्शन नहीं है, उनके लिए भी एनसीएफ संबंधित विभाग से समन्वय कर न्यायसंगत व्यवस्था कराने का प्रयास कर रहा है।
जांच में खुलासा: सिर्फ 3,800 वैध, 13 हजार अवैध कनेक्शन
मामले ने तब और तूल पकड़ा जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान और फटकार के बाद विद्युत निगम ने डूब क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया। जांच में सामने आया कि छिजारसी-चोटपुर इलाके में करीब 3,800 वैध कनेक्शनों के मुकाबले लगभग 13 हजार अवैध कनेक्शन चलाए जा रहे थे। आरोप है कि एक निजी सिंडिकेट प्राइवेट मीटर और नेटवर्क के जरिए बिजली पहुंचाकर हर महीने लोगों से मोटी रकम वसूल रहा था। अब तक अभियान में तीन हजार से ज्यादा अवैध कनेक्शन काटे जा चुके हैं और 10 ट्रांसफॉर्मर जब्त किए गए हैं। बिजली चोरी के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।
प्रदर्शन, जाम और अब 6 सितंबर को महापंचायत
बिजली कटने से नाराज स्थानीय लोग रविवार को सेक्टर-63 थाने के सामने छिजारसी गोल चक्कर पर बड़ी संख्या में जुट गए और विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। पुलिस से नोकझोंक के बाद प्रशासन ने रास्ता खाली कराया। इसी बीच भारतीय किसान परिषद ने 6 सितंबर को पुश्ता रोड पर महापंचायत बुलाने का ऐलान किया है। परिषद के अनुसार इलाके में करीब ढाई लाख लोग इस बिजली संकट से प्रभावित हैं, और उनका आरोप है कि पहले वैध रूप से दिए गए हजारों कनेक्शन भी काट दिए गए, जबकि कई निवासियों की जमीन की रजिस्ट्री तक हो चुकी है। स्थानीय विधायक पंकज सिंह ने भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री कार्यालय और उच्च अधिकारियों से बातचीत की जानकारी दी है। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता एसके जैन ने स्पष्ट किया है कि डूब क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होती रहेगी।
शालिनी सिंह की अपील: “संकट में लोगों का साथ नहीं छोड़ूंगी”
शालिनी सिंह ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे इस संकट की घड़ी में अपने लोगों का साथ नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा, “जनहित सर्वोपरि है और हर प्रभावित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी है। प्रदेश सरकार पर भरोसा रखें।” इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम लिखा पत्र सिटी मजिस्ट्रेट, नौएडा को सौंपा है, जिसमें वैध उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की गई है। अब सबकी नजरें 6 सितंबर की महापंचायत पर टिकी हैं, जिसमें स्थानीय समस्याएं प्रशासन और विद्युत निगम के समक्ष रखी जाएंगी। यदि समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें: Gautam Buddh Nagar Police Transfer: गौतमबुद्धनगर में 4 निरीक्षकों का तबादला, देखें सूची

