Greater Noida suicide case: ‘मेरी बेटी दे जाओ साहब…’ शादी से इनकार पर हिंडन नदी में कूदी 19 साल की लड़की, 20 KM तक तलाश के बाद भी सुराग नहीं

 

Greater Noida suicide case: ग्रेटर नोएडा (गौतम बुद्ध नगर)। शनिवार रात की वह घटना पूरे इलाके को हिलाकर रख गई। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव स्थित हिंडन नदी के पुल पर 19 साल की युवती संजना ने शादी से इनकार मिलने के बाद नदी में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे बाद उसका प्रेमी राहुल भी उसे बचाने के इरादे से नदी में कूद गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने राहुल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन संजना तेज बहाव में बह गई। तब से पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं। नदी के लगभग 20 किलोमीटर हिस्से की छानबीन के बावजूद अब तक युवती का कोई सुराग नहीं मिला है।

संजना के पिता हरेंद्र का हाल बेहाल है। वह दर-दर भटकते हुए प्रशासन और पुलिस से सिर्फ एक गुहार लगा रहे हैं  “परसों से मेरी कोई नहीं सुन रहा साहब… मेरी बेटी अभी तक नहीं मिली। मैं गरीब आदमी हूं, मेरी बेटी दे जाओ… मैं किसके ऊपर फैसला करूं साहब, आप ही बताओ… मेरी बेटी का पता लगा दो।”

पिता का आरोप है कि राहुल पिछले करीब चार साल से उनकी बेटी को शादी का झांसा देता रहा। उसने कई जगह से संजना के रिश्ते तुड़वा दिए थे। राहुल शादी के लिए चार लाख रुपये नकद और फर्नीचर की मांग भी करता था। पिता के अनुसार शनिवार को राहुल संजना को अपने साथ ले गया था। बेटी ने घर से पैसे भी मांगे थे। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। परिवार को दोनों के बीच संपर्क की शुरुआत भी ठीक से नहीं पता थी। गांव में किसी रिश्तेदार की शादी के दौरान संपर्क हुआ होगा और पिछले दो-तीन साल से दोनों बातचीत में थे।

पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 9 बजे राहुल और संजना के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ। राहुल के साफ इनकार से नाराज संजना ने हिंडन पुल से नदी में छलांग लगा दी। राहुल भी पीछे-पीछे कूद गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से राहुल तो बच गया, लेकिन संजना का कोई निशान नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। गोताखोरों की मदद से दो बार तलाशी अभियान चलाया जा चुका है। सोमवार को भी नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर खोज जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।

यह घटना सिर्फ एक प्रेम प्रसंग का दुखद अंत नहीं है। यह एक गरीब पिता की बेबसी और एक युवती की निराशा का प्रतीक बन गई है। हरेंद्र बार-बार दोहरा रहे हैं कि उन्हें किसी से फैसला या सजा नहीं चाहिए, उन्हें सिर्फ अपनी बेटी चाहिए। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें हिंडन नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं। नदी का तेज बहाव और मौसम की स्थिति तलाश को और चुनौतीपूर्ण बना रही है। परिवार और स्थानीय लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि तलाश अभियान तेज किया जाए और हर संभव प्रयास किए जाएं ताकि संजना का जल्द से जल्द पता चल सके।

यह भी पढ़ें: कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, भागने की फिराक में था नौशाद

यहां से शेयर करें