Ramdev vs Kangana: राखी पर बाबा रामदेव ने कंगना को भेजी मिठाई और सगुन, एक्ट्रेस बोलीं- ‘भूल-चूक माफ’

Ramdev vs Kangana: रक्षाबंधन के मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव ने अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट के लिए मिठाई और उपहार भेजा। उपहार के साथ एक लिफाफे में 500 रुपए के नोटों की गड्डी भी शामिल थी। इस दौरान रामदेव ने कहा कि रिश्तों में मिठास बनी रहनी चाहिए और पुराने गिले-शिकवे भुलाकर प्रेम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। रामदेव ने कहा कि देश में किसी भी कारण से नफरत और एक-दूसरे के प्रति वैर भाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उनके और कंगना रनोट के बीच हुए विवाद की खूब चर्चा हुई थी, जिसे अब संवाद के जरिए खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे कंगना को फोन कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देंगे।

कंगना ने इंस्टाग्राम पर दिया जवाब

रामदेव की इस पहल के बाद कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनका वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, “त्योहार का दिन होता है सब भूल-चूक माफ करने के लिए। मेरे भाई बाबा रामदेव जी ने बहुत अच्छी बात कही कि विवाद नहीं, संवाद होना चाहिए। आज रक्षाबंधन के दिन मैं उनकी मिठाई और बड़े भाई का प्रेम, दोनों स्वीकार करती हूं। बहुत धन्यवाद। ईश्वर आपको लंबी आयु दे।”

जानिए क्या था पूरा विवाद

कंगना रनोट ने जेन-जी प्रदर्शनकारियों के लिए एक विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत में बाबा रामदेव ने कंगना की पृष्ठभूमि और अतीत पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने युवाओं के लिए इस्तेमाल की गई भाषा को गलत बताते हुए कहा था कि इस पर संबंधित पार्टी को संज्ञान लेना चाहिए। रामदेव की इस टिप्पणी के बाद कंगना ने भी पलटवार करते हुए तीखा जवाब दिया था। एक इंटरव्यू में कंगना ने कहा था कि रामदेव को उनके बीते दिनों को लेकर अटकलें नहीं लगानी चाहिए, और सवाल किया था कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या देखा जिसके आधार पर टिप्पणी की गई।

कृति सेनन पर दिए बयान से भी पलटीं कंगना

इसी बीच कंगना कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर दिए अपने पहले के बयान से भी पलट गई हैं। ‘डीकोड लाइव’ शो में कंगना ने कहा कि कृति जो चाहें पहन सकती हैं, उन्हें कोई नहीं रोक रहा। इससे पहले कंगना ने लिखा था कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं, ऐसे में भाई को राखी बांधते समय ऐसे कपड़ों के चयन पर सवाल उठाया था। इस तरह रक्षाबंधन के मौके पर बाबा रामदेव और कंगना रनोट के बीच चला आ रहा विवाद फिलहाल थमता नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें: Controversy over memoir: सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ पर पेंगुइन इंडिया विवाद, रिपोर्ट को बताया ‘भ्रामक’

यहां से शेयर करें