TikToker Murder: आयशा गिलमाना की गोली मारकर हत्या, 1 साल में 5वीं महिला इन्फ्लुएंसर की निर्मम हत्या

TikToker Murder: टैक्सिला, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से सटे टैक्सिला शहर में एक और महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 28 वर्षीय टिकटॉकर शम्सु बीबी, जो ‘आयशा गिलमाना’ के नाम से मशहूर थीं और जिनके 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे, को फोन पर घर से बुलाकर गोली मार दी गई, जबकि इस हमले और उसके बाद हुए वाहन हादसे में उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

क्या हुआ था उस रात?

पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। एफआईआर के अनुसार, 14 अगस्त की शाम आयशा अपनी 15 वर्षीय बहन आस्मिया बीबी और भाई नेमतुल्ला के साथ गाड़ी में घर से निकली थीं। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों ने कथित तौर पर गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग की, जिससे टिकटॉकर को गंभीर गोली लगी और फायरिंग के दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आयशा की गाड़ी के अंदर ही मौत हो गई, जबकि उनकी छोटी बहन को गंभीर हालत में इलाज के लिए इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स) में भर्ती कराया गया।

हत्या से पहले आया था रहस्यमयी फोन कॉल

पीड़िता के पिता फजल साहिबजादा की शिकायत के मुताबिक, आयशा को कशिफ उर्फ “काशी” नाम के एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने उन्हें तुरंत घर से बाहर आने को कहा था। परिजनों के अनुसार आयशा को गर्दन में गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आर्थिक विवाद बना संभावित वजह

एफआईआर में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी करीब तीन-चार साल से टिकटॉक पर सक्रिय थी और उसके करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे। उन्होंने यह भी बताया कि मृतका के कौसर और जावेद उर्फ शाहीन नाम के लोगों से आर्थिक लेन-देन थे, और पैसे वापस मांगने को लेकर उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिली थीं। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्प्रेरण और साझा इरादे से किए गए अपराध से जुड़ी धाराओं (302, 324, 109 और 34) के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता के भाई रहमतुल्ला ने मीडिया को बताया कि उनकी बहन के अकाउंट पर 3 करोड़ से ज़्यादा लाइक्स थे, जिसे हत्या के बाद परिवार ने डिएक्टिवेट कर दिया। जांच का फोकस अब हमलावरों की पहचान और फोन कॉल की सच्चाई पर है।

एक साल में पांचवीं वारदात, महिला इन्फ्लुएंसर्स के लिए बढ़ता खतरा।

पाकिस्तान में महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की हत्याओं का यह कोई पहला मामला नहीं है।

जून 2025: 17 वर्षीय इंस्टाग्राम-टिकटॉक स्टार साना यूसुफ को इस्लामाबाद स्थित उनके घर में उमर हयात नाम के 22 वर्षीय व्यक्ति ने पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, बार-बार शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद हयात ने साना की हत्या की थी। इसके अलावा खुशाब में एक टिकटॉकर की हत्या उसके चचेरे भाई ने की थी, पेशावर में एक अन्य इन्फ्लुएंसर संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थी, और क्वेटा में एक पिता ने सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर अपनी 15 वर्षीय बेटी की हत्या करने की बात कबूल की थी। इन घटनाओं ने पाकिस्तान में डिजिटल स्पेस में सक्रिय महिलाओं की सुरक्षा और समाज में बढ़ती असहिष्णुता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयशा गिलमाना हत्याकांड की जांच अभी जारी है और परिवार के आरोप अदालत में सिद्ध होने बाकी हैं।

यह भी पढ़ें: “तुलसी भरोसे राम के, निर्भय होकर सोए”- मास्टर जी(राजेश कुमार)

यहां से शेयर करें